अमेरिका-ईरान के बीच समझौता होने और होर्मुज खुलने के ऐलान के बाद आई गिरावट
Crude Oil Price (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच जंग खत्म होने के ऐलान के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है। सोमवार को शुरूआती कारोबार में अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 3.45 डॉलर गिरकर 83.88 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। वहीं, अमेरिकी बेंचमार्क क्रूड 3.95 डॉलर टूटकर 80.93 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बाद पेट्रोल-डीजल के दाम में भी गिरावट की उम्मीद की जा रही है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि युद्ध के कारण आपूर्ति श्रृंखला में आए व्यवधान से तेल बाजार को पूरी तरह स्थिर होने में अभी कई महीने लग सकते हैं। संघर्ष के दौरान कच्चे तेल कीमतों में भारी उछाल आया था, जिससे पेट्रोल और अन्य कई उत्पादों की लागत बढ़ गई थी।
एक हजार अंक की तेजी से खुला शेयर बाजार
रविवार को अमेरिका और ईरान ने जंग खत्म करने और स्थाई शांति समझौते पर हस्ताक्षर करने का ऐलान किया। इसके बाद सोमवार को भारत सहित एशिया के सभी शेयर बाजारों में तेजी का रुख रहा। ज्ञात रहे कि पिछले करीब साढ़े तीन माह से ज्यादा समय से दोनों देशों के बीच जारी युद्ध से न केवल पश्चिम एशिया में हालात तनावपूर्ण बने हुए थे बल्कि पूरी दुनिया इस युद्ध के चलते परेशानी में थी। विशेषकर एशियाई देश जहां पर एलपीजी और पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत महसूस की जा रही थी। भारत के अलावा एशिया के अन्य बाजारों में भी तेजी दिखी।
जापान के निक्केई में 4 फीसदी से अधिक तेजी दिखी। भारतीय शेयर बाजार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का निफ्टी 1080 अंकों की उछाल के साथ खुला। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 330 अंकों की तेजी के साथ खुला। सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में जिन कंपनियों के शेयर में अधिक तेजी दिखी उनमें इंडिगो, इटरनल, बाजाज फाइनांस और एशियन पेंट्स प्रमुख रहे। निफ्टी में जिन कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे उनमें श्री राम फाइनांस, इंडिगो, ईटरनल, बाजाज फाइनांस और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल (टीएमपीवी) शीर्ष पांच में शामिल रहे।
ये भी पढ़ें : US-Iran Peace Agreement : जंग खत्म, अमेरिका-ईरान 19 जून को करेंगे समझौते पर हस्ताक्षर

