Delhi Crime News: दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके से एक बेहद विचलित करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 17 साल की लड़की के साथ पहले दरिंदगी की गई और फिर उसकी चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को खेत में फेंक दिया, जहां कुत्तों ने शव को नोंचा। यह खौफनाक मामला तब चर्चाओं में आया, जब 13 सितंबर को स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने कुशक रोड के पास खेतों से एक शव बरामद किया था। शव अत्यधिक सड़ी-गली हालत में था, जिससे उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया था। पुलिस ने इस मामले में एक बालिग और तीन नाबालिगों समेत कुल 4 आरोपी दबोच लिए हैं।
पुलिस के अनुसार खुले में पड़े होने के कारण आवारा कुत्तों ने शव के कई हिस्सों को नोंच लिया था और मृतका का एक हाथ शरीर से अलग हो चुका था। शुरुआती मेडिकल जांच में दरिंदगी की पुष्टि हुई और मृतका के शरीर पर कई गंभीर जख्म पाए गए। शुरुआती जांच में सामने आया कि पीड़िता और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। मृतका एक परिचित से मिलने गई थी, जिसके बाद उसे एक टेम्पो में ले जाया गया, जहां आरोपियों ने उसके साथ शराब पी और फिर उसके साथ गंदा काम किया। जब पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस से करने की धमकी दी, तो आरोपियों ने मिलकर उस पर चाकू से वार किए और उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद आरोपियों ने शव को पत्तों और मिट्टी के नीचे छिपाने की कोशिश की और मौके से फरार हो गए। मृतका के घरवालों को लगा कि वह घर से बाहर गई है, इसलिए परिजनों द्वारा कोई गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी। इस मामले की गुत्थी को सुलझाने के लिए दिल्ली पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और जमीनी स्तर पर व्यापक स्तर पर छानबीन शुरू की। घटनास्थल के आसपास और रास्तों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। अंधेरा होने के कारण वाहन का नंबर साफ नहीं दिख रहा था, लेकिन पुलिस ने कई कैमरों की मदद से संदिग्ध टेम्पो की आवाजाही को ट्रैक किया।
इसके बाद स्वरूप नगर की खड्डा कॉलोनी में एक रात चले तलाशी अभियान के बाद टेम्पो और उसके ड्राइवर तक पहुंची। ड्राइवर से पूछताछ के बाद इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के सुराग मिले। पुलिस ने मुख्य बालिग आरोपी की पहचानकर उसे अरेस्ट कर लिया। उसके साथ शामिल तीन अन्य आरोपी 16 और 17 वर्ष के नाबालिग हैं। पुलिस ने इस मामले में वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू, आरोपियों के खून से सने कपड़े और टेम्पो को भी बरामद कर लिया है।

