Delhi IGI Airport Alert: दिल्ली-एनसीआर में बारिश का असर अब हवाई यात्रा पर भी साफ दिखाई देने लगा है। राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर खराब मौसम के कारण उड़ानों के संचालन में देरी और बदलाव की स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार को कई उड़ानों को दूसरे शहरों की ओर डायवर्ट करना पड़ा था, जबकि शनिवार को भी यात्रियों को फ्लाइट लेट होने की चेतावनी दी गई है। इसी को देखते हुए इंडिगो (IndiGo) ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने यात्रियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का लेटेस्ट स्टेटस जरूर चेक करें।
IGI एयरपोर्ट पर उड़ानों में हुई देरी
शुक्रवार को दिल्ली में हुई तेज बारिश के दौरान आईजीआई एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन प्रभावित हुआ। खराब मौसम की वजह से कई विमानों को निर्धारित समय पर उड़ान भरने या दिल्ली में उतरने में परेशानी हुई। शुक्रवार शाम खराब मौसम के कारण कई उड़ानों को दिल्ली से दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। इनमें जयपुर, लखनऊ, अहमदाबाद और चंडीगढ़ जैसे शहर शामिल रहे। शनिवार को भी मौसम पूरी तरह सामान्य नहीं होने के कारण उड़ानों में देरी की संभावना बनी हुई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर 200 से अधिक उड़ानें देरी से संचालित हुईं। लैंडिंग में करीब 70 मिनट और टेकऑफ में करीब 130 मिनट तक की देरी की सूचना है।
Travel Advisory
Bad weather is currently affecting #Delhi, leading to possible delays in flight operations.
Our teams are closely monitoring the situation, if you’re travelling today, we recommend checking your flight status on our website via https://t.co/MDv6zfNvLQ or app…
— IndiGo (@IndiGo6E) September 5, 2026
इंडिगो ने यात्रियों को किया अलर्ट
स्थिति को देखते हुए इंडिगो ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करें। एयरलाइन की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, उड़ान में देरी, समय में बदलाव या कैंसिलेशन होने पर यात्रियों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल पर जानकारी भेजी जाती है। यात्रियों को यह भी सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए सामान्य से ज्यादा समय रखें। बारिश के कारण दिल्ली की सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक की समस्या भी है, इसलिए एयरपोर्ट जाने में सामान्य से अधिक वक्त लग सकता है।
शुक्रवार को कई उड़ानें डायवर्ट हुईं
तेज बारिश के दौरान शुक्रवार शाम दिल्ली एयरपोर्ट पर स्थिति ज्यादा चुनौतीपूर्ण रही। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के आसपास जलभराव की स्थिति भी सामने आई। शुक्रवार को कम से कम 11 उड़ानों को डायवर्ट किया गया। इनमें पांच उड़ानों को जयपुर, चार को लखनऊ और एक-एक उड़ान को अहमदाबाद और चंडीगढ़ भेजा गया। इसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ा। कई यात्रियों को यात्रा के लिए लंबे इंतजार और वैकल्पिक व्यवस्था का सामना करना पड़ा।

