कैथल. हरियाणा के कैथल जिले के गांव जाजनपुर में रविवार दोपहर दिनदहाड़े एक व्यक्ति की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई. गांव में पड़ोसी के मकान के सामने कुर्सी पर बैठे राजीव कुमार पर गांव के ही वीरेंद्र श्योकंद ने निजी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ 6 राउंड फायरिंग कर दी. गोलियां राजीव के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद गांव में दहशत फैल गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे जमीनी विवाद की बात सामने आ रही है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राजीव कुमार रविवार दोपहर अपने पड़ोसी के मकान के सामने कुर्सी पर बैठा हुआ था. इसी दौरान गांव का ही वीरेंद्र श्योकंद वहां पहुंचा. आरोप है कि उसने अपनी निजी रिवॉल्वर निकालकर राजीव पर एक के बाद एक 6 गोलियां चला दीं. अचानक हुई फायरिंग से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. गोलियां लगने से राजीव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्रित हो गए.
ढांड थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने आरोपी की पहचान वीरेंद्र श्योकंद के रूप में की है. आरोपी वीरेंद्र श्योकंद पेशे से वकील है और फिलहाल कैथल कोर्ट में प्रैक्टिस करता है. वह आम आदमी पार्टी की लीगल सेल का हलका अध्यक्ष भी रह चुका है. जानकारी के अनुसार, लोकसभा चुनाव के बाद उसने आम आदमी पार्टी छोड़ दी थी.
डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है. पुलिस जांच के बाद ही हत्या के पीछे के कारणों और वारदात से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. उन्होंने बताया कि सीआईए समेत अन्य टीमों को जांच के लिए लगाया है. घटना के दौरान राजीव अखबार पढ़ रहे थे.
