BRICS Summit Delhi Traffic: दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक ब्रिक्स समिट का आयोजन किया जाएगा। इसमें दुनियाभर के राष्ट्राध्यक्ष और अन्य प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसे लेकर राजधानी में पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं। इस समिट के दौरान दिल्ली की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जाएंगे। यह सम्मेलन दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई सड़कों पर प्रतिबंध और डायवर्जन की व्यवस्था की है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार 11 से 13 सितंबर तक राजधानी में करीब 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए जाएंगे और 35 से ज्यादा सड़कों पर ट्रैफिक कंट्रोल किया जाएगा। VIP मूवमेंट के समय कुछ रास्तों पर ट्रैफिक को थोड़े समय के लिए रोका भी जा सकता है। पुलिस ने लोगों से यात्रा से पहले अपना रूट जांचने और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है।
इन प्रमुख सड़कों से बचने की सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली और आसपास के इलाकों की कई प्रमुख सड़कों को कंट्रोल एरिया में रखा है। इन सड़कों पर VIP मूवमेंट के दौरान स्थिति के अनुसार ट्रैफिक रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। इन सड़कों पर लोगों को जाने से बचना होगा।
मथुरा रोड
तीस जनवरी मार्ग
जनपथ
सत्य मार्ग
पृथ्वीराज रोड
फिरोजशाह रोड
अशोका रोड
तुगलक रोड
पंचशील मार्ग
सुब्रमण्यम भारती मार्ग
मदर टेरेसा क्रिसेंट
तीन मूर्ति मार्ग
अफ्रीका एवेन्यू
‘C’ हेक्सागन
शांति पथ
शेरशाह रोड
तिलक मार्ग
डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग
राजेश पायलट मार्ग
अकबर रोड
सरदार पटेल मार्ग
एपीजे अब्दुल कलाम रोड
कौटिल्य मार्ग
भगवान दास रोड
केमल अतातुर्क मार्ग
कर्तव्य पथ
पुराना किला रोड
सफदरजंग रोड
न्याय मार्ग
रेलवे स्टेशन जाने वाले पहले निकलें
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने इन स्टेशनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक रूट बताए हैं। इसलिए ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति और उपलब्ध वैकल्पिक रास्तों की जानकारी जरूर लेनी चाहिए। खासकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास पहले से ही कई महत्वपूर्ण सड़कें और जंक्शन ट्रैफिक के लिहाज से संवेदनशील हैं।
🌍 BRICS SUMMIT 2026 | PLAN BEFORE YOU MOVE
11–13 September
Travelling to work, the airport, railway station or across New Delhi?
📱 CHECK BEFORE YOU LEAVE
🛣️ Affected Roads
🚧 Diversion Points
🗺️ Alternate Routes
✈️ Airport Routes
🚇 Metro/Public Transport⏱️ Keep extra… pic.twitter.com/5PZ7PrdCQs
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) September 7, 2026
एयरपोर्ट के लिए मेट्रो बेहतर विकल्प
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। गुरुग्राम, द्वारका, नई दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, उत्तर दिल्ली और पूर्वी दिल्ली से एयरपोर्ट जाने वालों के लिए अलग-अलग सड़क मार्ग भी बताए गए हैं। लेकिन VIP मूवमेंट के कारण इन रास्तों पर भी कुछ समय के लिए डायवर्जन हो सकता है। इसलिए जिन यात्रियों की फ्लाइट 11 से 13 सितंबर के बीच है, उन्हें काफी पहले घर से निकलने की सलाह दी गई है।
बस और टैक्सी सेवाएं चलती रहेंगी
सार्वजनिक परिवहन पूरी तरह बंद नहीं रहेगा। बसें और टैक्सी चलती रहेंगी, लेकिन VIP काफिले की आवाजाही के दौरान बसों के रूट बदले जा सकते हैं। ऑटो और टैक्सी को सड़क किनारे खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें केवल निर्धारित पार्किंग या अधिकृत जगहों पर ही खड़ा किया जा सकेगा। मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी और यात्रियों को ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। नियंत्रित सड़कों के 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। वाहन चालकों से कहा गया है कि वे केवल अधिकृत पार्किंग में ही गाड़ी खड़ी करें।
इमरजेंसी वाहनों को मिलेगा रास्ता
दिल्ली पुलिस के मुताबिक एंबुलेंस और दूसरे मेडिकल इमरजेंसी वाहनों के लिए पूरे समय रास्ता खुला रखा जाएगा। जरूरी सेवाओं और उपयोगी सामान पहुंचाने वाले वाहनों की आवाजाही भी सुनिश्चित की जाएगी।
दिल्ली आने वाले कमर्शियल वाहनों पर रोक
दिल्ली में केवल रास्ते से गुजरने वाले यानी नॉन-डेस्टिनेशन कमर्शियल ट्रैफिक को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन चालकों को दिल्ली में प्रवेश से पहले वैकल्पिक मार्ग तलाशने की सलाह दी गई है। पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को देने की अपील की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया चैनलों से ताजा अपडेट लेते रहें।
ट्रैफिक पुलिस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की 24 घंटे की हेल्पलाइन 011-25844444 / 1095 है। तत्काल पुलिस सहायता के लिए 112 पर संपर्क किया जा सकता है। ब्रिक्स समिट के दौरान दिल्ली में ट्रैफिक सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा प्रभावित हो सकता है। इसलिए 11 से 13 सितंबर के बीच जरूरी यात्रा करने वालों के लिए सबसे बेहतर तरीका है कि वे पहले से रूट प्लान करें, मेट्रो का इस्तेमाल करें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखें।

