Nestle india Q1 profit: नेस्ले इंडिया लिमिटेड के जून तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी होने के बाद कंपनी के शेयर में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। राजस्व में भारी वृद्धि की वजह से कंपनी का शुद्ध मुनाफा चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में साल दर साल आधार 48% बढ़कर 958.7 करोड़ रुपये रहा। वहीं, कंपनी का ऑपरेशन से समेकित राजस्व साल दर साल आधार पर 25% बढ़कर 6,378.2 करोड़ रुपये रहा।
शेयर में 3.3% की तेजी
बंपर वित्तीय नतीजे की घोषणा के बाद FMCG की इस मुख्य कंपनी का शेयर दोपहर में 3.3% की तेजी के साथ 1,500 रुपये पर कारोबार कर रहा था। यही नहीं, कंपनी का शेयर निफ्टी 50 में सबसे ज्यादा तेजी पाने वाले शेयरों में शुमार हो गया। साल 2026 में कंपनी के शेयर में 15.9% की तेजी आ चुकी है।
यह भी पढ़ें : https://www.aajsamaaj.com/kaam-ki-baat/know-driving-licence-linking-with-aadhar-is-must-or-not/527957/
मुनाफा 47.9% बढ़ा
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में समेकित आधार पर नेस्ले इंडिया का टैक्स देने के बाद मुनाफा 47.9% बढ़कर 975.1 करोड़ रुपये रहा, जिसने सारे अनुमानों को धत्ता बता दिया। कंपनी की कुल बिक्री साल दर साल आधार पर 25.4% बढ़कर 6,363.3 करोड़ रुपये रही, जबकि अनुमान 6,065 करोड़ रुपये का लगाया गया था।
घरेलू बिक्री 25% बढ़ी
किटकैट चॉकलेट और मैगी नूडल्स बनाने वाली इस कंपनी की जून तिमाही में घरेलू बिक्री में 25% की बढ़त दर्ज की गई। कंपनी का एबिटा मार्जिन 24.2% पर है, जबकि प्रति शेयर कमाई 5.06 रुपये हुई है।
लागत में बचत की रफ्तार बढ़ी
वित्तीय नतीजों पर कंपनी के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मनीष तिवारी ने एक विज्ञप्ति में कहा, ”कंपनी ने जून तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है और वॉल्यूम में बढ़ोतरी की वजह से बिक्री बढ़ी है। भूराजनैतिक चुनौतियों के बावजूद निर्यात में 35.6% की वृद्धि हुई है, साथ ही बीती तिमाही में ऑपरेशन में आने लागत में बचत की रफ्तार और बढ़ी है।”
ब्रांड में जारी रहेगा निवेश
तिवारी ने कहा, ”नेस्ले इंडिया अपने ब्रांड में निवेश करना जारी रखेगा और बीती तिमाही में विज्ञापन पर होने वाला खर्च साल दर साल आधार पर बढ़कर 40% से ज्यादा रहा। सभी सेल्स चैनल में डबल डिजिट ग्रोथ के सहारे सभी चार प्रॉडक्ट ग्रुप में डबल डिजिट का ग्रोथ देखा गया।”
Also Read: https://www.aajsamaaj.com/kaam-ki-baat/step-by-step-guide-for-self-enumeration-in-2027/527986/

