नई दिल्ली (Schools Closed Tomorrow). देश के कई हिस्सों में कल यानी 31 जुलाई को स्कूल, कॉलेज और सरकारी ऑफिस बंद रहेंगे. एक तरफ जहां कल अमर शहीद उधम सिंह का बलिदान दिवस है, वहीं दूसरी तरफ देश के कई राज्यों में जारी कुदरत का कहर यानी भारी मानसूनी बारिश है. पंजाब और हरियाणा सरकार ने स्वतंत्रता सेनानी शहीद उधम सिंह के अतुलनीय योगदान को याद करते हुए इस खास मौके पर राजपत्रित अवकाश (Gazetted Holiday) का ऐलान किया है.
गुजरात के अहमदाबाद शहर में आसमान से बरस रही आफत ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. मौसम विभाग की तरफ से जारी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर कल सभी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं. देश के अन्य प्रभावित इलाकों (उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, असम, आदि) में भी स्थिति का जायजा लेकर स्थानीय जिला अधिकारी अपने-अपने स्तर पर छुट्टियों का फैसला ले रहे हैं.
पंजाब और हरियाणा में शहीदी दिवस पर बंद रहेंगे स्कूल
महान क्रांतिकारी शहीद उधम सिंह की शहादत को नमन करने के लिए पंजाब और हरियाणा की राज्य सरकारों ने बड़ा फैसला लिया है. उधम सिंह के बलिदान दिवस के पावन अवसर पर दोनों राज्यों में गजटेड हॉलिडे घोषित की है. इस आदेश के लागू होने से पंजाब और हरियाणा के सभी प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षण संस्थान बंद हैं. इसके साथ ही बैंक, सरकारी ऑफिस और अर्ध-सरकारी संस्थान भी बंद रहेंगे. प्रशासन ने कहा है कि यह छुट्टी देश के महान सपूत की शहादत को सम्मान देने के लिए दी गई है.
अहमदाबाद में झमाझम बारिश, स्कूलों में ताले
गुजरात के अहमदाबाद में पिछले कुछ दिनों से हो रही तेज बारिश ने मुसीबत बढ़ा दी है. मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान अहमदाबाद और आस-पास के इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है. जलभराव और रास्ते बंद होने की स्थिति में स्थानीय जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है. छोटे बच्चों को किसी भी तरह के खतरे से बचाने के लिए शहर के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी का आदेश जारी कर दिया गया है. अभिभावकों को बिना वजह बच्चों को बाहर न जाने देने की सलाह दी गई है.
अन्य राज्यों में जिला प्रशासन के हाथ में कमान
देश के अन्य राज्यों (महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश) के कई हिस्सों में भी मूसलाधार बारिश का दौर जारी है. नदियों के बढ़ते जलस्तर और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए राज्य सरकारों ने डीएम को अपने स्तर पर हालात की समीक्षा करने के अधिकार दे दिए हैं. जिन जिलों में पानी भरने या लैंडस्लाइड की आशंका ज्यादा है, वहां के डीएम मौसम का मिजाज देखते हुए स्थानीय स्तर पर 1-2 दिनों की छुट्टी का आदेश जारी कर रहे हैं.
बारिश के दिनों में स्कूल जाने से पहले मैनेजमेंट के नोटिस या लोकल प्रशासन के अपडेट्स जरूर चेक करें. किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और स्थानीय आपदा प्रबंधन विभाग की गाइडलाइंस का पालन करें.
प्रमोद रिसालिया एक अनुभवी राजनीतिक पत्रकार हैं, जो 'भारत खबर' वेब पोर्टल से जुड़े हुए हैं। उन्हें जमीनी राजनीति की बारीक समझ और तेज विश्लेषण के लिए जाना जाता है। प्रमोद लगातार राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर रिपोर्टिंग और विश्लेषण करते हैं। उनकी लेखनी में तथ्यों की सटीकता और जन सरोकारों की गहराई साफ झलकती है। राजनीतिक घटनाक्रमों की रिपोर्टिंग के साथ-साथ वे चुनावी विश्लेषण और सत्ता के समीकरणों पर भी पैनी नजर रखते हैं।