नई दिल्ली. देश भर में चल रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर विपक्ष के नेता राहुल गांधी एक दिन पहले प्रधानमंत्री के घर के सामने धरना दिया था. केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने बुधवार को कहा कि केंद्र सरकार NEET पेपर लीक और छात्रों के विरोध प्रदर्शन के मुद्दे पर संसद में विस्तृत चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य राजनीतिक दलों से इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति न करने और समाधान निकालने में सरकार का सहयोग करने की अपील की.
जेपी नड्डा ने कहा, “छात्रों की मांगों और पेपर लीक के मुद्दे पर मेरी पहली अपील है कि इसे राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए. यह बेहद गंभीर विषय है और इस पर गहन चर्चा होनी चाहिए.”
उन्होंने कहा कि सरकार हर पहलू पर चर्चा के लिए तैयार है और इसके लिए संसद सबसे उपयुक्त मंच है. “हम चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस मुद्दे के हर पहलू पर संसद में विस्तार से चर्चा की जाएगी।”
राहुल गांधी पर साधा निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जेपी नड्डा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह केवल केंद्र सरकार को घेरने के लिए परीक्षा पेपर लीक के मामलों को चुनिंदा तरीके से उठा रहे हैं. कांग्रेस और विपक्ष शासित राज्यों में हुई ऐसी घटनाओं पर चुप्पी साध लेते हैं. नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी ने संसद में अपने प्रस्तुतीकरण के दौरान करीब 150 पेपर लीक के मामलों का उल्लेख किया था, लेकिन सरकार हर मामले की निष्पक्ष जांच कराने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा, “यह जांच का विषय है। एक जिम्मेदार सरकार होने के नाते हम हर मामले की जांच करेंगे और सच्चाई देश और जनता के सामने रखेंगे।”
सरकार ने दिए जांच के संकेत
जेपी नड्डा ने दोहराया कि सरकार छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से ले रही है. इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सभी दलों से अपील की कि इस मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय छात्रों के हित में मिलकर समाधान खोजा जाए.

