Trump tariff on generic drugs : अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप अब जेनेरिक दवाओं के इंपोर्ट पर टैरिफ लगाने जा रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका 2028 से जेनेरिक दवाओं के सभी इंपोर्ट पर 100% टैरिफ लगाएगा। इसका मकसद अमेरिका में फिर से जेनेरिक दवाओं का प्रोडक्शन शुरू करना है। हालांकि, ट्रंप के इस फैसले का भारतीय दवा कंपनियों पर क्या असर पड़ेगा यह अभी साफ नहीं हुआ है।
200% तक बढ़ सकता है टैरिफ
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर एक पोस्ट में कहा कि अगले दो साल तक जेनेरिक दवाओं को टैरिफ से छूट मिलती रहेगी, जिसके बाद इस सेक्टर पर 100% ड्यूटी लगेगी। उन्होंने कहा कि इसके बाद टैरिफ को बढ़ाकर 200% कर दिया जाएगा।
घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देना मकसद
ट्रंप ने कहा, “ऐसा इसलिए किया जा रहा है, ताकि जेनेरिक दवाओं का प्रोडक्शन वापस अमेरिका में लाया जा सके। जो कंपनियां तय समय-सीमा के अंदर प्लांट और इक्विपमेंट नहीं बनाएंगी, उन पर जुर्माना लगाया जाएगा।” इससे पहले इस साल ट्रंप ने पेटेंट वाली दवाओं के इंपोर्ट पर 100% टैरिफ लगाने के आदेश पर साइन किया था। साथ ही, अपने कार्यकाल के शुरुआती दौर में भी उन्होंने दवाओं के दूसरे इंपोर्ट पर टैरिफ लगाने की कोशिश की थी।
छूट देने का भी किया वादा
राष्ट्रपति ने कहा कि इन टैरिफ का मुख्य मकसद बड़ी फार्मा कंपनियों द्वारा घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि अगर फार्मा कंपनियां उनकी “मोस्ट फेवर्ड नेशन” (सबसे पसंदीदा देश) वाली प्राइसिंग पॉलिसी को मानने के लिए तैयार हो जाती हैं, तो उन्हें इन टैरिफ से छूट मिल सकती है। इस पॉलिसी के तहत, कंपनियां अमेरिकी खरीदारों से उतनी ही कीमत वसूलती हैं, जितनी दूसरे देशों से ली जाती है। ट्रंप ने उन कंपनियों को भी छूट देने की घोषणा की जो अमेरिका में दवा बनाने की सुविधाएं (प्लांट) लगा रही हैं।
भारत पर क्या पड़ेगा असर?
अमेरिका में भारतीय जेनेरिक दवाओं की हिस्सेदारी लगभग 40% है। वित्त वर्ष 2024-2025 में भारत ने अमेरिका को 9.7 अरब अमेरिकी डॉलर की दवाएं निर्यात कीं, जो उसके कुल 25.8 अरब अमेरिकी डॉलर के वैश्विक दवा निर्यात का 38% था। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप की नई टैरिफ धमकियों का भारतीय दवा कंपनियों पर क्या असर पड़ेगा। दरअसल, भारत और अमेरिका ने फरवरी में एक व्यापार समझौता किया था, जिसमें यह तय किया गया था कि भारत को जेनेरिक दवाओं के संबंध में बातचीत से तय नतीजे मिलेंगे।

