Haryana Truck Accident News: हरियाणा के कैथल जिले के कलायत क्षेत्र में नेशनल हाईवे-152 पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गांव शिमला के पास सड़क किनारे खड़े धान से लदे ट्रक को पीछे से आ रहे केमिकल टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टैंकर में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में दोनों वाहन आ गए। आग इतनी तेजी से फैली कि टैंकर चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी वाहन के अंदर ही जलने से मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
टायरों की हवा चेक कर रहा था ट्रक चालक
जानकारी के अनुसार धान से लदा ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। उसका चालक नीचे उतरकर ट्रक के टायरों की हवा चेक कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहा टैंकर अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर में धमाके के साथ आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों और हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों में घटना के बाद दहशत फैल गई।
राजस्थान के जालौर का रहने वाला था चालक
इस हादसे में जान गंवाने वाले टैंकर चालक की पहचान राजस्थान के जालौर जिले के सोंगरावास निवासी करीब 42 वर्षीय पीरा राम के रूप में हुई है। वह राजस्थान से टैंकर में तरल पदार्थ लेकर अंबाला की ओर जा रहा था। हादसे के दौरान चालक टैंकर के केबिन में फंस गया। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि उसे बाहर निकलने का अवसर नहीं मिल सका। उसकी मौके पर ही जलने से मौत हो गई।
दमकल की 5 से 6 गाड़ियों ने बुझाई आग
घटना की सूचना मिलते ही कलायत थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की करीब पांच से छह गाड़ियों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद पुलिस ने टैंकर चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच, परिजनों को दी सूचना
कलायत थाना प्रभारी रणदीप सिंह के अनुसार पुलिस को डायल 112 के माध्यम से गांव शिमला के पास वाहन में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस द्वारा मृतक के वाहन मालिक से संपर्क कर उसके परिजनों को सूचना भेजने की प्रक्रिया की गई है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और टक्कर से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


