हिसार. हरियाणा के हिसार में बड़ा मामला सामने आया है. मॉडल टाउन की दयानंद कॉलोनी में बुधवार रात सवा 9 बजे 6 बदमाशों ने शिव मंदिर के सामने खड़े लोगों पर गोलियां बरसा दी. यहां पर कांवड़ियों की भीड़ पर फायरिंग की गई और इसमें पति-पत्नी और 12 साल की बच्ची घायल है.
बताया जा रहा है कि बाइक सवार 5 से 6 नकाबपोश बदमाशों ने कांवड़ियों की भीड़ पर ताबड़तोड़ की फायरिंग की. पुलिस ने दो बदमाशो की पहचान की है और फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से छानबीन कर रही है.
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब 6 राउंड गोलियां चलाईं. जिससे मौके पर भगदड़ मच गई. इस फायरिंग में गोविंद (36), उसकी पत्नी निशा (30) और उनकी 12 साल की बेटी बीरा उर्फ गुन्नू गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तुरंत पास के जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक परिवार अपने भांजे को कांवड़ यात्रा के लिए छोड़ने आया था. तभी अचानक बदमाशों ने बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार दो संदिग्धों की पहचान कर ली गई है. जिन पर पहले से आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है.
जिंदल अस्पताल के बाहर पहुंचे युवक गौतम ने बताया कि उनकी बेटी को गोली लगी है और फायरिंग में उनकी भाभी और भाई की कमर में गोली लगी है. उन्होंने बताया कि वह नलवा के रहने वाले हैं. उन्होंने कहा कि वह सेक्टर 13 में रहते हैं. हमारे दो भांजे डाक कावंड के लिए दयानंद कॉलोनी से जाने वाले थे और वहां सब्जी मंडी में मौजूद थे. इस दौरान बाइक सवार छह बदमाश आए थे और भीड़ की तरफ फायरिंग कर दी. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी गुन्नू और भाई गोविंद और भाभी निशा को गोली लगी है. भाई प्रॉपर्टी और शेयर मार्केट में ट्रेडिंग का काम करते हैं. मौके पर पुलिस को खोल मिले हैं. वार्ड नंबर 11 के पार्षद ने बताया कि दो बाइकों पर बदमाश थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है और तीन लोगों को गोलियां लगी थी.
