सोहना. हरियाणा के गुरुग्राम जिले के सोहना में दिल्ली-बड़ोदरा एक्सप्रेसवे पर 29 अक्तूबर, गुरुवार सुबह गांव लोहटकी के समीप बड़ा हादसा हुआ. सड़क हादसे में कार सवार पति-पत्नी और एक बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य बच्चों को मौके पर पहुंची बचाव टीम ने सकुशल बाहर निकाल लिया.
हादसा इतना भयावह था कि तेज रफ्तार कार खड़ी टूरिस्ट बस में पीछे से जा घुसी और कार का आधे से अधिक हिस्सा बस के अंदर समा गया. टक्कर के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के रजोकरी निवासी बूम बूम प्रसाद टैक्सी चालक था. वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बालाजी से दर्शन कर कार में सवार होकर अपने घर रजोकरी गार्डन, दिल्ली लौट रहा था. इसी दौरान गांव लोहटकी के समीप उनकी कार सड़क किनारे खड़ी एक टूरिस्ट बस से पीछे से टकरा गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
कार में फंसे लोगों को निकालने में जुटी टीम
फायर ब्रिगेड अधिकारी देवेंद्र ने बताया कि सुबह के समय उन्हें गांव लोहटकी के समीप बड़े सड़क हादसे की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा. टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि, हादसे में एक महिला, एक छोटी बच्ची और एक युवक की मौत हो गई. जिस टूरिस्ट बस से कार टकराई, उसमें कोई सवारी मौजूद नहीं थी.
कार ने बस को पीछे से टक्कर मारी.
नागरिक अस्पताल में रखवाए शव, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद मृतकों के शव सोहना के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिए गए. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसा किस परिस्थिति में हुआ और दुर्घटना के पीछे तेज रफ्तार के अलावा कोई अन्य कारण था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है.