Delhi News: दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में एक 26 वर्षीय युवती की बहादुरी ने दो शातिर स्नैचरों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। युवती ने फोन छीनकर भाग रहे बदमाशों का न सिर्फ पीछा किया, बल्कि स्कूटी से टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया और लोगों की मदद से पकड़वा दिया। मौके पर पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आईफोन छीनकर भागने की कोशिश
पीड़िता की पहचान खुशी माहेश्वरी के रूप में हुई है, जो पेशे से डांसर हैं। बुधवार को वह अपनी स्कूटी पर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनका आईफोन छीनने की कोशिश की। खुशी ने विरोध किया तो एक बदमाश ने उनका हाथ पकड़ लिया और फोन छीनकर बाइक पर भागने लगे। लेकिन खुशी ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने तुरंत अपनी स्कूटी से बाइक सवार बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर उन्होंने बदमाशों की बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों बदमाश सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद युवती ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लिया और दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस ने हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही शालीमार बाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उनकी पहचान 19 वर्षीय समीर उर्फ कचरा निवासी भलस्वा डेरी और 19 वर्षीय मोहित उर्फ मोहिता निवासी मुकुंदपुर के रूप में हुई है।
डीसीपी ने की युवती की तारीफ
नार्थ वेस्ट जिला डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया समीर शातिर अपराधी है और इससे पहले भी वह स्नेचिंग और आर्म्स एक्ट के मामले में बुराड़ी थाने से पकड़ा जा चुका है। दोनों के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। इस बहादुरी के लिए उत्तरी जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने ने युवती की जमकर तारीफ की है। पुलिस ने खुशी माहेश्वरी को प्रशस्ति पत्र और इनाम देने की घोषणा की है, ताकि अन्य लोग भी अपराध के खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत कर सकें।

