नई दिल्ली. भारतीय टीम के लिए न्यूजीलैंड का दौरा बेहद अहम माना जा रहा है. इस दौरे पर टीम इंडिया को तीनों ही फॉर्मेट में मैच खेलना है. इस समय चर्चा इसके शेड्यूल को लेकर हो रही है. अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक होने वाले इस दौरे में भारत पांच T20I, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलेगा. मीडिया रिपोर्ट की माने तो वनडे के तुरंत बाद टेस्ट मैच खेले जाएंगे ऐसे में कुछ बड़े खिलाड़ियों को परेशानी हो सकती है. आखिर के दो वनडे में टीम इंडिया के कप्तान समेत स्टार खिलाड़ियों को आराम दिया जाना तय है.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की T20I सीरीज 22 अक्टूबर से शुरू होगी. इसके बाद पांच वनडे मैच 4 से 15 नवंबर के बीच खेले जाएंगे. अब आते हैं असली बात पर जिसको लेकर सवाल उठाए जा रहे है. वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला 15 नवंबर को खेला जाना है. इसके चार दिन के बाद ही टीम इंडिया पहले टेस्ट मैच में खेलने उतरेगी. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होगा. इसका मतलब यह हुआ कि वनडे से टेस्ट मैच के लिए खुद को ढालने के लिए चार दिन का वक्त मिलेगा.

आपको बता दें कि शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल, नितीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ी वनडे और टेस्ट दोनों ही फॉर्मेट में खेलते हैं. रिपोर्ट के अनुसार टेस्ट की तैयारी के लिए इन खिलाड़ियों को आखिरी दो वनडे से आराम दिया जा सकता है. भारतीय टीम के लिए टेस्ट सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनस में जगह बनाने के लिए करो या मरो जैसी है. वनडे टीम के नियमित कप्तान शुभमन गिल आखिरी दो वनडे में उपलब्ध नहीं रहेंगे. ऐसे में उनकी जगह पर टीम की कमान उप कप्तान श्रेयस अय्यर संभाल सकते हैं.
न्यूजीलैंड में खेली जाने वाली सीरीज भारत के लिए खासकर वनडे के लिहाज से अहम है. यहां भारतीय टीम को 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों करना का अच्छा मौका मिलेगा. न्यूजीलैंड का यह दौरा भारत के लिए 12 मुकाबलों वाला लंबा ऑल-फॉर्मेट अभियान होगा. इसकी शुरुआत 22 अक्टूबर को T20I से होगी और खत्म दिसंबर की शुरुआत में दूसरे टेस्ट के साथ होगा.

