नई दिल्ली. आयरलैंड और इंग्लैंड में टी20 सीरीज की हार के बाद भारतीय टीम जिम्बाब्वे की खतरनाक मानी जा रही टीम के खिलाफ शुरुआत करेगी. भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 23 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा. तीनों मुकाबले हरारे में ही खेले जाएंगे. श्रेयस अय्यर बतौर टी20 कप्तान अपनी पहली जीत की तलाश में उतरेंगे.
संजू सैमसन को इंग्लैंड दौरे के बाद चयनकर्ताओं ने आराम दिया है. प्रभसिमरन सिंह को बतौर विकेटकीपर टीम में जगह दी गई है. भारतीय टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी और उपकप्तान तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. चयनकर्ताओं ने गेंदबाजी डिपार्टमेंट में कई नए चेहरों को मौका दिया है.

टी20 विश्व कप 2026 विजेता टीम का हिस्सा रहे रिंकू सिंह की वापसी हुई है. वह इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर नहीं खेल पाए थे. अब जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम में शामिल किए गए हैं. तेज गेंदबाज मयंक यादव भी लंबे समय बाद टीम इंडिया में लौटे हैं. उन्होंने आखिरी मुकाबला अक्टूबर 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था.
चयनकर्ताओं ने दो नए तेज गेंदबाज अशोक शर्मा और यश ठाकुर को पहली बार भारतीय टी20 टीम में शामिल किया है. विदर्भ के स्पिनर हर्ष दुबे को भी पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय कॉल-अप मिला है. विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह भी टीम का हिस्सा बने हैं. उन्होंने IPL 2026 में पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे. इसके अलावा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा को भी टीम से बाहर कर दिया गया है. ऑलराउंडर अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर भी इस दौरे का हिस्सा नहीं हैं. स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को टीम में चुना गया था लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में लगी चोट के कारण वह पूरी सीरीज से बाहर हो गए.
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, सूर्यंशा शेडगे, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव और मयंक यादव

