50 पैसे गिरकर 94.03 प्रति डॉलर के स्तर पर पहुंचा रुपया
Rupee Falls against Dollar (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय मुद्रा यानी रुपया लगातार कमजोर हो रहा है। आरबीआई के प्रयास भी इसे लगातार नीचे जाने से बचा नहीं पा रहे हैं। रुपये में ज्यादा गिरावट पश्चिम एशिया तनाव के बाद दिखाई दे रही है और यह तेजी से नीचे की तरफ जा रहा है। सोमवार को भी सप्ताह के पहले ही कारोबारी दिन सोमवार को रुपये में एक बार फिर से भारी गिरावट देखने को मिली। दिन का बाजार खुलते ही डॉलर के मुकाबले यह लाल निशान पर खुला।
इसके बाद पूरा दिन यह लाल निशान पर रहा और अंत में 50 पैसे की गिरावट के साथ 94.03 पर बंद हुआ। रुपये ने पहली बार 94 का आंकड़ा पार किया है। जानकारों का कहना है कि वैश्विक कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और विदेशी फंड का लगातार बहिर्वाह निवेशकों के लिए चिंता का विषय बना। इसके साथ ही उनका कहना है कि घरेलू शेयर बाजारों में तेज गिरावट ने भी स्थानीय मुद्रा को कमजोर किया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 93.84 पर खुला था। दिन भर इसमें गिरावट जारी रही।
सोने और चांदी में भी गिरावट जारी
सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। कमजोर घरेलू मांग और वैश्विक रुझानों के कारण यह गिरावट आई है। सोना 9,050 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ, जबकि चांदी 10,500 रुपये प्रति किलोग्राम गिरी। 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 9,050 रुपये गिर गया। यह लगभग छह फीसदी की गिरावट है। अब सोने का भाव 1,43,600 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है।
शुक्रवार को इसका बंद भाव 1,52,650 रुपये प्रति 10 ग्राम था। चांदी भी 10,500 रुपये की तेज गिरावट के साथ 2,30,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। यह 4.36 फीसदी की गिरावट दशार्ती है। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 2,40,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। बहुमूल्य धातुओं ने पिछले सप्ताह के नुकसान को आगे बढ़ाया है। सोमवार को हाजिर सोना चार महीने के निचले स्तर पर फिसल गया।
भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,836.57 अंक या 2.46 प्रतिशत गिरकर 72,696.39 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 1,974.52 अंक या 2.64 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 72,558.44 पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 601.85 अंक या 2.60 प्रतिशत गिरकर 22,512.65 पर बंद हुआ।
ये भी पढ़ें : Share Market Update : शेयर बाजार ने निवेशकों को फिर दिया झटका

