नई दिल्ली. न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जा रही टी20 सीरीज में भारतीय बल्लेबाजी क्रम संघर्ष करती नजर आई है. दूसरे मुकाबले में टॉप आर्डर बुरी तरह से लड़खड़ा गया था. तीसरे मुकाबले से पहले टीम की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही. चोटिल होकर दूसरे मैच से बाहर हुए ईशान किशन अभी तक फिट नहीं हो पाए हैं. उनके तीसरे मुकाबले से बाहर होने की खबर है. ऐसे में वैभव सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड के खिलाफ एक और मैच खेलने मिल सकता है.
भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले से बाहर हो गए हैं. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को इसकी जानकारी दी. ईशान पहले टी20 मैच के दौरान दाएं पैर की मांसपेशियों में खिंचाव (लो-ग्रेड एडडक्टर स्ट्रेन) से जूझ रहे हैं. वह चोट से उबर रहे हैं, लेकिन अभी पूरी तरह मैच खेलने के लिए फिट नहीं हुए हैं. भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा टी20 मुकाबला मंगलवार (27 अक्टूबर) को वेलिंगटन में खेला जाएगा.
Update
Ishan Kishan is recovering well from his low grade right adductor strain, which he sustained during the first T20I of the series against New Zealand.
He is yet to regain match fitness and is ruled out of the third T20I to be played on October 27, 2026 in Wellington. The BCCI Medical Team is monitoring Ishan’s progress.
Kumar Kushagra will continue to be with the team for the third T20I.
#TeamIndia | #NZvIND
— BCCI (@BCCI) October 26, 2026
बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि मेडिकल टीम ईशान की रिकवरी पर लगातार नजर रख रही है. चोट के कारण उन्हें सीरीज के पहले मुकाबले में बल्लेबाजी क्रम में निचले स्थान पर उतरना पड़ा था. ईशान शनिवार को खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भी नहीं खेले थे. उनकी जगह 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया, लेकिन वह 8 गेंद पर सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र तीसरे टी20 मैच के लिए भारतीय टीम के साथ बने रहेंगे. गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने मीडिया को बताया, “ईशान की स्थिति में सुधार हो रहा है. वह आज प्रैक्टिस करेंगे. एहतियात के तौर पर कल के मुकाबले के लिए वह चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे.”

ईशान किशन की गैरमौजूदगी में वैभव सूर्यवंशी को एक और मौका मिल सकता है. टीम मैनेजमेंट ने ओपनिंग जोड़ी संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा पर भरोसा जताया है. ऐसे में सूर्यवंशी को अपनी प्रतिभा साबित करने का एक और अवसर मिल सकता है. सूर्यवंशी अभी तक आईपीएल में दिखाए गए प्रदर्शन को दोहरा नहीं पाए हैं. उन्होंने अब तक नौ पारियों में दो अर्धशतक लगाकर अपनी क्षमता की झलक जरूर दिखाई है. भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी सूर्यवंशी ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 178.57 के स्ट्राइक रेट से 250 रन बनाए हैं.
भारतीय टीम ने सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ 226 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दो गेंद शेष रहते जीत दर्ज की थी. दूसरे टी20 मैच में भारत 182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 112 रन पर छह विकेट गंवाकर मुश्किल में था. इसके बाद तिलक वर्मा और नीतीश रेड्डी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 69 रन की साझेदारी की और टीम को रोमांचक जीत दिला दी. इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है. अब भारतीय टीम की नजरें तीसरा मुकाबला जीतकर सीरीज में अपनी स्थिति और मजबूत करने पर होंगी.

