नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में शानदार जीत दर्ज की. इसके बाद भी दूसरे मुकाबले में प्लेइंग इलेवन में बदलाव किया जा सकता है. एक तरफ मानव सुथार और रवींद्र जडेजा ने जहां दोनों पारी में जमकर विकेट चटकाए वहीं कुलदीप यादव फीके रहे. ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले भारतीय टीम के प्लेइंग इलेवन में बदलाव की संभावना नजर आ रही है. कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ऑलराउंडर सारांश जैन को टेस्ट डेब्यू का मौका दे सकते हैं.
दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच गॉल में खेला गया था. भारतीय टीम ने इस मुकाबले में धमाकेदार खेल दिखाते हुए मेजबान श्रीलंका के खिलाफ 165 रन से हराया. 1-0 की बढ़त हासिल करने का मतलब है कि टीम इंडिया अब सीरीज हार नहीं सकती. महज दूसरा टेस्ट खेल रहे मानव सुथार ने गॉल टेस्ट में कहर ढाते हुए 10 विकेट चटकाए. उनको कप्तान शुभमन गिल ने अनुभवी कुलदीप यादव से ज्यादा गेंदबाजी करने का मौका दिया. इस मैच में जडेजा ने चार विकेट हासिल किए जबकि कुलदीप सिर्फ 1 ही खिलाड़ी को आउट कर पाए. जिस तरह से गॉल टेस्ट में उनके ऊपर कप्तान ने कम भरोसा दिखाया उसके मुतबिक वो दूसरे मैच में शायद ना खेलें.
A clinical victory for #TeamIndia in the Galle Test.
Manav Suthar’s 6 wicket haul in the second innings, guides India to a 165 run win over Sri Lanka.
Scorecard – https://t.co/M9LVyCAp8y #SLvIND pic.twitter.com/QxAhFQGZke
— BCCI (@BCCI) August 19, 2026
गॉल टेस्ट जैसे ही कोलंबो की परिस्थितियां भी स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार रहने की उम्मीद है. खबरों की माने तो टीम मैनेजमेंट कुलदीप यादव के प्रदर्शन से ज्यादा खुश नहीं है. उनको दूसरे मैच के प्लेइंग इलेवन से बाहर किया जा सकता है. टीम मैनेजमेंट सारांश जैन को दूसरे टेस्ट मैच में शामिल करने पर गंभीरता से विचार कर रहा है. अगर ऐसा हुआ तो उनको 33 साल के सारांश जैन भारत की तरफ से अपना टेस्ट डेब्यू करेंगे. इस गेंदबाज ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अब तक 54 मैचों 188 विकेट अपने नाम किए हैं. उनकी बल्लेबाजी में भी दम है और वो 2223 रन बना चुके हैं. औसत 31.75 रहा है जिसमें दो शतकीय पारी शामिल है. पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में भी सिर्फ सात मैचों में 30 विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था.

