ई-केवाईसी के बिना नहीं होगी बुकिंग
LPG e-KYC, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: अगर आपके घर में इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस का घरेलू एलपीजी कनेक्शन है और आपने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराया है तो आपको थोड़ा अलर्ट हो जाता चाहिए। ई-केवाईसी के बिना घरेलू गैस उपभोक्ता 16 अगस्त के बाद से एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग नहीं कर पाएंगे, अगर उन्होंने गैस कनेक्शन एक्टिव रखने के लिए ई-केवाईसी नहीं कराया है।
इतना ही नहीं, एलपीजी सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी का लाभ भी नहीं मिलेगा। एलपीजी सिलेंडर के कनेक्शन को एक्टिव रखने के लिए पुराने और नए ग्राहक सभी के लिए ई-केवाईसी कराना जरूरी है। वहीं जिन घरेलू गैस उपभोक्ताओं ने हाल ही में ई-केवाईसी कराया है, उन्हें दोबारा करवाने की जरूरत नहीं है।
किस-किस के लिए ई-केवाईसी कराना जरूरी?
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए ई-केवाईसी कराना जरूरी है। इसके साथ ही भारत गैस, इंडेन और एचपी तीनों कंपनियों के गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना जरूरी है। ग्राहक 16 अगस्त तक ही एलपीजी सिलेंडर बुक कर सकते हैं। इसके बाद ई-केवाईसी कराने के बाद ही सिलिंडर की बुकिंग की जा सकेगी।
कैसे कराएं ई-केवाईसी
एलपीजी गैस कनेक्शन को एक्टिव रखने के लिए आॅनलाइन और आॅफलाइन दोनों तरीकों से ई-केवाईसी हो सकती है। ई-केवाईसी के लिए आपके पास आधार कार्ड, पैन कार्ड और एक फोटो का होना जरूरी है। अगर आप आॅफलाइन ई-केवाईसी कराना चाहते हैं तो आपको इसके लिए गैस एजेंसी के आॅफिस जाना होगा।
ई-केवाईसी कराने जाते वक्त जरूरी डॉक्यूमेंट्स ले जाना न भूलें। आप घर बैठे भी ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके लिए गैस उपभोक्ताओं को एजेंसी की वेबसाइट पर जाकर ई-केवाईसी करनी होगी। भारत गैस सिलेंडर के उपभोक्ता हैलो बीपीसीएल एप पर ई-केवाईसी कर सकते हैं। इंडेन सिलेंडर के ग्राहक इंडेन आॅयल वन एप के जरिए ई-केवाईसी कर सकते हैं। एचपी गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले ग्राहक एचपी पे एप पर ई-केवाईसी कर सकते हैं।
केवाईसी नहीं कराई तो क्या होगा?
ई-केवाईसी को लास्ट डेट पर भी पूरा नहीं करने वाले ग्राहकों को एलपीजी गैस सिलेंडर से जुड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। केवाईसी नहीं होने पर एलपीजी सिलेंडर लेने में भी दिक्कत हो सकती है। वहीं उज्ज्वला योजना वालों को सब्सिडी नहीं मिलेगी। हालांकि, इसका मतलब ये नहीं है कि 16 अगस्त की तारीख के बाद हर ग्राहक का एलपीजी कनेक्शन तुरंत खत्म ही कर दिया जाएगा। ऐसे में ग्राहक को घबराने के बजाय जल्द से जल्द अपना ई-केवाईसी करा लेना चाहिए।

