No UPI day: देशभर के मोबाइल फोन रिटेलरों ने UPI ट्रांजैक्शंस पर लगाए गए 0.4% मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) के विरोध में 2 अक्तूबर को ‘नो यूपीआई डे’ मनाने का ऐलान किया है। इंडस्ट्री के संगठन AIRMA के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। सरकार ने अगामी 15 अक्तूबर से 2,000 रुपये से ज्यादा के मर्चेंट ट्रांसफर पर 0.4% का शुल्क लगाने की घोषणा की है। हालांकि, पर्सन टू पर्सन ट्रांजैक्शंस पर यह शुल्क नहीं देना होगा।
2 अक्टूबर को ‘नो यूपीआई डे’
AIRMA के वाइस प्रेसीडेंट और दिल्ली-एनसीआर के प्रेसीडेंट तरविंदर सिंह ने एक बयान में कहा, ”ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन (AIMRA) ने मर्चेंट को किए जाने वाले यूपीआई ट्रांजैक्शंस पर 0.4% एमडीआर शुल्क के विरोध में 2 अक्तूबर को ‘नौ यूपीआई डे’ का आह्वान किया है।” उन्होंने कहा कि गांधी जयंती के दिन रिटेलर्स प्रतीकात्मक तौर पर यूपीआई क्यूआर कोड को काले कपड़े से कवर करेंगे और यूपीआई पेमेंट नहीं लेंगे।
निर्मला सीतारमण को भेजा पत्र
एआईएमआरए द्वारा केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि यूपीआई पर एमडीआर शुल्क लगाने के कदम से, छोटे दुकानदारों को यूपीआई से मिलने वाले 5 लाख रुपये से 30 लाख रुपये के शुल्क पर हर महीने 2,000 रुपये से 12,000 रुपये का तत्काल नुकसान होगा। इससे उनके नेट इनकम का एक बड़ा हिस्सा शुल्क देने में ही चला जाएगा।
हर महीने 40 करोड़ का नुकसान
मोबाइल रिटेलर के संगठन ने अनुमान लगाया है कि 0.4% के एमडीआर से देश के छोटे मोबाइल रिटेलरों पर हर महीने करीब 40 करोड़ रुपये और सालाना करीब 500 रुपये का बोझ बढ़ेगा।
जीरो होना चाहिए एमडीआर शुल्क
सिंह ने कहा, ”अगर हम डिजिटल इंडिया चाहते हैं, तो यूपीआई पर कोई एमडीआर शुल्क नहीं लगाना चाहिए। हमारी चिंता डिजिटल पेमेंट लेने वाले मर्चेंट पर पड़ने वाला अतिरिक्त वित्तीय बोझ है। अगर हम चाहते हैं कि डिजिटल इंडिया आगे बढ़े, तो डिजिटल पेमेंट पूरे रिटेल इकोसिस्टम के लिए किफायती होना चाहिए। हमारी मांग है कि यूपीआई मर्चेंट पेमेंट पर एमडीआर शुल्क जीरो होना चाहिए।”

