
गंभीर जल संकट का सामना कर रहा पाकिस्तान
Water Controversy, (द भारत ख़बर), इस्लामाबाद: भारत और पाकिस्तान के बीच जल सुरक्षा को लेकर तनाव चरम पर पहुंच गया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को सीधी सैन्य कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर पाकिस्तान की जल सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ, तो उनका देश भारत के खिलाफ युद्ध की राह पर जा सकता है।
पाकिस्तानी चैनल एआरवाई न्यूज से बातचीत में आसिफ ने कहा कि अगर पाकिस्तान को लगा कि उसकी जल सुरक्षा खतरे में है, तो वह भारत के खिलाफ जंग छेड़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत पाकिस्तान के हिस्से के पानी के प्रवाह में दखल दे रहा है और रणनीतिक हथियार के तौर पर इसका इस्तेमाल कर रहा है।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने निलंबित कर दी थी सिंधु जल संधि
अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया था। भारत का कहना है कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं करता, तब तक संधि बहाल नहीं की जाएगी।
सिंध और बलूचिस्तान में पानी की कमी
रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान इस समय गंभीर जल संकट का सामना कर रहा है। खासकर सिंध और बलूचिस्तान में पानी की कमी लगातार बढ़ रही है। पाकिस्तान की सिंचाई व्यवस्था के अहम हिस्से सुक्कुर बैराज को लेकर भी चिंता बढ़ रही है। पानी का स्तर लगातार घटने से कृषि और अर्थव्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर चढ़ावा केस में मिले चोरी से लेकर लापरवाही के साक्ष्य
