नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट टीम हमेशा ही किसी ना किसी विवाद में पड़ जाती है. इंग्लैंड में खेली जा रही टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में कुछ ऐसा हुआ जिसने पूरे पाकिस्तान में हंगामा मचा दिया. लॉर्ड्स टेस्ट मैच के पहले दिन के खेल में पूर्व पाकिस्तानी कप्तान इमरान खान के बच्चों का इंटरव्यू दिखाया गया. इसे लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भड़क उठा और मैच का बहिष्कार करने की बात तक कह डाली. हालांकि जब उनको यह एहसास हुआ कि इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी तो संभल गए.
पाकिस्तान का इंग्लैंड दौरा भी विवादों में घिर ही गया. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इंग्लैंड के ब्रॉडकास्टर स्काई स्पोर्ट्स द्वारा पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू दिखाने पर कड़ी नाराजगी जताई है. यह इंटरव्यू लॉर्ड्स में खेले जा रहे लंच ब्रेक के दौरान दिखाया गया. रिपोर्ट्स में यह बात सामने आई है कि इंटरव्यू को दिखाए जाने पर PCB इस कदर भड़का कि वो अपनी टीम को मैच में ब्रेक के बाद उतारना ही नहीं चाहता था. बोर्ड ने कथित तौर पर इंग्लैंड दौरा बीच में छोड़ने का मन बना लिया था.
पाकिस्तान की टीम क्या वाकई इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज बीच में छोड़कर वापस लौटने वाली थी. जब यह सवाल पाकिस्तान के मुख्य कोच सरफराज अहमद से पूछा गया तो उनका जवाब गजब था. कोच साहब ने इस मामले पर बड़ी आसानी से कन्नी काट ली. उन्होंने इस पूरे मामले से खुद को अलग रखते हुए कहा कि उन्हें इंटरव्यू को लेकर हुई घटनाओं की कोई जानकारी नहीं थी. उनका पूरा ध्यान मैच पर था. दिन का खेल खत्म होने के बाद सरफराज ने कहा, “मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता. मैं सिर्फ मैच पर ध्यान दे रहा हूं. आप इंटरव्यू की बात कर रहे हैं? हमें इंटरव्यू के बारे में कोई जानकारी नहीं है.”
इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू प्रसारित करने के मामले में कुछ दावे किए गए थे. रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी जो PCB के चेयरमैन भी हैं उन्होंने स्काई स्पोर्ट्स के सामने सीधे सवाल उठाया. इंटरव्यू के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई. ऐसा बताया जा रहा है कि PCB ने ब्रॉडकास्टर को इस बात की चेतावनी दी थी कि इंटरव्यू को दोबारा मैच के दौरान प्रसारित नहीं किया जाए. ऐसा हुआ तो उनकी टीम मैच खेलने से मना कर देगी.

