
रूस के इस विशेष विमान के पहुंचने के बीच पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है
Iran US War, (द भारत ख़बर), तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका और ईरान के बीच हुआ सीजफायर ज्यादा समय तक नहीं टिक सका। एक बार फिर दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है और लगातार सैन्य हमले किए जा रहे हैं। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि पूरे पश्चिम एशिया में संघर्ष और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
इसी बीच रूस की गतिविधियों ने भी दुनिया का ध्यान खींचा है। रूस ने अपना स्पेशल कमांड प्लेन ईरान भेजा है। वेबसाइट फ्लाइटराडार24 ने यह दावा किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रूस ने अपना स्पेशल कमांड प्लेन टीयू-214पीयू ईरान की सीमा के पास भेजा है।
आपातकालीन हालात में सरकार और सेना के संचालन के लिए किया जाता प्लेन का इस्तेमाल
टीयू-214पीयू को अक्सर अमेरिका के उन स्पेशल प्लेन जैसा माना जाता है, जिनका इस्तेमाल आपातकालीन हालात में सरकार और सेना के संचालन के लिए किया जाता है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका, ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव के दौरान यह विमान तेहरान पहुंचा।
Tu-214PU की खासियतें
टीयू-214पीयू (Tu-214PU) रूस के टुपोलेव Tu-214 यात्री विमान का विशेष सैन्य और कमांड संस्करण है। इसे अनौपचारिक तौर पर डूम्सडे प्लेन यानी संकट या युद्ध जैसी आपात स्थिति में इस्तेमाल होने वाला विमान भी कहा जाता है। यह विमान रूस के राष्ट्रपति और देश के शीर्ष अधिकारियों के लिए तैयार किया गया है।
इस विमान के नाम में पीयू का मतलब रूसी भाषा में उड़ता हुआ कमांड पोस्ट होता है। दिखने में यह सामान्य यात्री विमान जैसा लगता है, लेकिन इसके अंदर पूरी तरह अलग और सुरक्षित कमांड सेंटर बनाया गया है। इसमें आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम और विशेष उपकरण लगाए गए हैं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित तरीके से कमांड और नियंत्रण किया जा सके।
ट्रम्प की ईरान को चेतावनी, बोले- बहुत बुरी तरह मारेंगे
ट्रम्प ने ईरान को कड़ी सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी है। व्हाइट हाउस के मुताबिक, ट्रम्प ने कहा कि ईरान ने अंतरिम समझौता तोड़ दिया, इसलिए अब अमेरिका उसे बहुत बुरी तरह निशाना बनाएगा। ट्रम्प ने कहा, समझौता हो चुका था, लेकिन उन्होंने उसे तोड़ दिया। वे हमेशा ऐसा करते हैं। हमने इनके साथ 10 समझौते किए और हर बार उन्होंने उन्हें तोड़ा। अब हम उन्हें बहुत जोरदार जवाब देंगे।
ईरान का जवाब- अमेरिका को होर्मुज में दखल नहीं देने देंगे
ईरानी सेना के खातम अल-अनबिया मुख्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका को होर्मुज स्ट्रेट में दखल नहीं देने देंगे। उन्होंने कहा कि स्ट्रेट की सुरक्षा और संचालन ईरान का अधिकार है, किसी बाहरी हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं किया जाएगा। यह बयान अमेरिकी ट्रम्प के उस दावे के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा और संचालन की जिम्मेदारी संभाल सकता है।
ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट से केंद्र सरकार और राम मंदिर ट्रस्ट को नोटिस
