Sourav Ganguly Death Threat News: भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान और पूर्व BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली को जान से मारने की धमकी मिली है। परिवार को पिछले कुछ महीनों से धमकी भरे पत्र मिलने की बात सामने आई है। हाल ही में एक लेटर गांगुली को भेजा गया, जिसमें उनके परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई। इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही गांगुली परिवार की सुरक्षा को लेकर भी समीक्षा की जा रही है।
गांगुली के ऑफिस में भेजा गया लेटर
पुलिस शिकायत के मुताबिक सोमवार को सौरव गांगुली के कार्यालय में एक धमकी भरा लेटर खोला गया। यह लेटर अंग्रेजी में लिखा गया था और इसमें सौरव गांगुली और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी। परिवार की ओर से पुलिस को बताया गया है कि इस तरह के पत्र पिछले करीब छह महीनों से मिल रहे थे। शुरुआत में इन्हें गंभीरता से नहीं लिया गया, लेकिन लगातार पत्र मिलने और हालिया पत्र में धमकी भरी भाषा होने के बाद शिकायत दर्ज कराई गई। सौरव गांगुली और उनके परिवार की ओर से कोलकाता के ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दी गई है। उनके निजी सहायक की ओर से भी पुलिस को शिकायत दिए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कूरियर से भेजे गए थे लेटर
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि धमकी भरे लेटर गांगुली परिवार के घर कूरियर के जरिए भेजे गए थे। पैकेट पर एक नाम और फोन नंबर का जिक्र होने की बात सामने आई है। जांचकर्ता अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि पैकेट पर दर्ज व्यक्ति ही वास्तव में पत्र भेजने वाला है या किसी दूसरे व्यक्ति ने उसकी पहचान का इस्तेमाल किया है। पुलिस लेटर और कूरियर से जुड़े सुरागों की भी जांच कर रही है। सौरव गांगुली देश के सबसे चर्चित दिग्गजों में से एक हैं। ऐसे में उनके परिवार को कथित धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के सुरक्षा विभाग को भी मामले की जानकारी दी गई है और परिवार के लिए अतिरिक्त सुरक्षा की जरूरत का आकलन किया जा रहा है।
सबसे बड़ा सवाल- कौन भेज रहा लेटर?
फिलहाल पुलिस की जांच का मुख्य फोकस धमकी भरे पत्र भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करना है। जांचकर्ता यह भी देख रहे हैं कि पत्रों के पीछे कोई एक व्यक्ति है या कोई और साजिश। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गांगुली परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल धमकी की वास्तविकता और इसके पीछे की वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

