Chhath Puja Special Train: छठ महापर्व पर अपने घर और परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए बिहार जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए दक्षिण रेलवे ने तीन अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें 11 नवंबर से चेन्नई और पोदनूर से बिहार के दरभंगा, बरौनी और रक्सौल के लिए रवाना होंगी। रेलवे की इस पहल से बिहार के यात्रियों को त्योहार पर घर पहुंचने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।
चेन्नई से दरभंगा के लिए चलेगी ट्रेन
दक्षिण रेलवे की पहली स्पेशल ट्रेन नंबर 06131 चेन्नई सेंट्रल-दरभंगा एक्सप्रेस स्पेशल बुधवार, 11 नवंबर को सुबह 11 बजे डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल से रवाना होगी। यह ट्रेन खड़गपुर, बालासोर, कटक, भुवनेश्वर, आसनसोल, जसीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी और समस्तीपुर होते हुए 13 नवंबर को दोपहर 1 बजे दरभंगा पहुंचेगी। इस ट्रेन की वापसी सेवा भी निर्धारित की गई है। ट्रेन नंबर 06132 दरभंगा से 14 नवंबर को दोपहर 3 बजे रवाना होकर 16 नवंबर को दोपहर 3:45 बजे चेन्नई सेंट्रल पहुंचेगी।
चेन्नई से बरौनी के लिए रात में होगी रवाना
दूसरी स्पेशल ट्रेन नंबर 06133 चेन्नई सेंट्रल-बरौनी वन-वे एक्सप्रेस स्पेशल बुधवार रात 11:50 बजे चेन्नई सेंट्रल से रवाना होगी। यह ट्रेन विजयवाड़ा, राजमुंदरी, डुव्वाडा, विजयनगरम, भुवनेश्वर, कटक, खड़गपुर, आसनसोल, जसीडीह, झाझा और किऊल जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। ट्रेन शुक्रवार, 13 नवंबर को रात 8 बजे बरौनी पहुंचेगी। यह एकतरफा स्पेशल सेवा है, जिसे छठ के दौरान बिहार जाने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ कम करने के लिए शुरू किया गया है।
रक्सौल के लिए रात 8:20 बजे चलेगी स्पेशल ट्रेन
तीसरी स्पेशल ट्रेन नंबर 06135 पोदनूर-रक्सौल वन-वे एक्सप्रेस स्पेशल बुधवार रात 8:20 बजे तमिलनाडु के पोदनूर जंक्शन से रवाना होगी। यह ट्रेन कोयंबटूर, तिरुप्पुर, इरोड, सलेम, जोलारपेट्टई और काटपाडी होते हुए आगे बढ़ेगी। इसके बाद विजयवाड़ा, राजमुंदरी, डुव्वाडा, विजयनगरम, रायगढ़ा, संबलपुर, झारसुगुड़ा, राउरकेला, रांची, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, जसीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी, समस्तीपुर, दरभंगा और सीतामढ़ी जैसे प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए शनिवार, 14 नवंबर को दोपहर 12 बजे रक्सौल पहुंचेगी। इस ट्रेन से कोयंबटूर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले यात्रियों को बिहार पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

