सात बल्लेबाज नहीं छू सके दहाई का आंकड़ा, टीम की तरफ से दो बल्लेबाजों ने बनाए सर्वाधिक 13-13 रन
3rd T20 Ind vs Eng (द भारत ख़बर), खेल डेस्क : आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करते हुए अलग-अलग टीम में नाम चमका रहे भारतीय बल्लेबाज देश के लिए खेलते हुए लगातार प्रशसंकों को निराश कर रहे हैं। सबसे ज्यादा खराब प्रदर्शन श्रेयस अय्यर कप्तानी में कर रहे हैं। आईपीएल के कप्तान और भारतीय टीम के कप्तान के रूप में खेल रहे श्रेयस अय्यर के प्रदर्शन में जमीन आसमान का अंतर दिखाई दे रहा है। यहीं कारण है कि उनकी कप्तानी में खेले गए पांच में से चार मैच में टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा है जबकि एक मैच बारिश के चलते रद हो गया था।
वैभव और अभिषेक नहीं दिला पाए अच्छी शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने आक्रामक शुरूआत दिलाने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही पहला झटका लगा, भारत की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह ढेर होती चली गई। भारत के लिए इस मैच में सबसे ज्यादा रन वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन ने बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बल्ले से 13-13 रन निकले। वहीं, सात बल्लेबाज सिंगल डिजिट स्कोर ही बना सके। इंग्लैंड की ओर से जोश टंग ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए, जबकि जोफ्रा आर्चर को तीन विकेट मिले। आदिल राशिद ने दो और विल जैक्स ने एक विकेट लिया।
अभिषेक शर्मा के रूप में लगा पहला झटका
भारत को अभिषेक शर्मा के रूप में पहला झटका लगा है। जोश टंग ने अभिषेक को आउट किया जो सात गेंदों पर एक छक्के की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए। टंग का टी20 अंतरराष्ट्रीय में यह पहला विकेट था। अभिषेक के आउट होते ही टीम के विकेट तेजी से गिरते चले गए।
वैभव को जोफ्रा आर्चर ने चौकाया
भारत को पावरप्ले के अंदर दो झटके लगे हैं। पहले अभिषेक शर्मा आउट हुए और अब वैभव सूर्यवंशी पवेलियन लौट गए। वैभव पांच गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 13 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जोफ्रा आर्चर ने अपना शिकार बनाया। भारत को तीसरा झटका जोश टंग ने दिया। उन्होंने ईशान किशन को बेथेल के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ 13 रन बना सके। इसके बाद 41 पर भारत को चौथा झटका आर्चर ने दिया।
उन्होंने बेथेल के हाथों कप्तान अय्यर को कैच कराया। वह चार गेंदों में सिर्फ पांच रन बना सके। इसके बाद 52 पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई। अक्षर पटेल आर्चर का शिकार बने। वह सिर्फ 10 रन बना सके। इसके बाद दूसरे बल्लेबाज भी ज्यादा देर इंग्लैंड की घातक गेंदबाजी का सामना नहीं कर पाए और टीम इंडिया मात्र 11.4 ओवर में मात्र 75 रन पर आउट हो गई। यह भारतीय टीम का दूसरा सबसे लो टोटल था।
ये भी पढ़ें : 3rd T20 Ind vs Eng Live : तीसरे टी20 मैच में टीम इंडिया की शर्मनाक हार

