सोनीपत. हरियाणा के दीनबंधु छोटूराम यूनिवर्सिटी एक बार फिर सुर्खियों में है. सोनीपत के मुरथल में स्थित इस यूनिवर्सिटी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम में एसी नहीं चलने का मामला सामने आया है. इस मामले में हुई कार्रवाई से हड़कंप मच गया है. इस मामले में अब दो अफसरों पर गाज गिरी है. एसडीई युद्धवीर दलाल को निलंबित कर दिया गया है, जबकि मेंटेनेंस इंचार्ज प्रवीण गर्ग को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. 13 अगस्त को सोनीपत की दीनबंधु छोटू राम यूनिवर्सिटी में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम रखा गया था, लेकिन जिस ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम था वहां पर कोई भी ऐसी नहीं चल रही थी. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में एसी नहीं चलने के मामले में अब कार्रवाई की गई है.
रुपये लेकर छोड़ा अधूरा काम
लाखों रुपये लेकर काम अधूरा छोड़ने वाली क्लाइमावेनेटा क्लाइमेट टेक्नोलॉजीज कंपनी और उसके निदेशक सुभाष चंदा के खिलाफ मुरथल थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई है. कंपनी और उसके निदेशक के खिलाफ धोखाधड़ी तथा अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया गया है. दीनबंधु छोटू राम यूनिवर्सिटी के वीसी एसपी सिंह ने बताया कि क्लाइमावेनेटा क्लाइमेट टेक्नोलॉजीज कंपनी ने लाखों का भुगतान लेने के बाद भी एचवीएसी का काम पूरा नहीं किया था. ऐसे में एसी की मरम्मत का काम दूसरी कंपनी सीआईएस ग्लोबल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड को देना पड़ा.
मुख्यमंत्री ने लगाई फटकार
यूनिवर्सिटी के कुलपति ने कहा है कि हाई लेवल कमेटी गठित कर मामले की जांच करवाई जाएगी. मुरथल थाना पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में विद्यार्थी गर्मी से बेहाल हो गए थे. इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुलपति को फटकार लगाई थी और 24 घंटे में व्यवस्था ठीक करने के निर्देश दिए थे.
