Suryakumar Yadav Latest News: जिस खिलाड़ी ने अपनी कप्तानी में भारत को टी20 विश्व कप जिताया, उसी कप्तान का नाम कुछ ही महीनों बाद भारतीय टी20 टीम से गायब था। चयनकर्ताओं ने सूर्यकुमार यादव से कप्तानी ही वापस नहीं ली, बल्कि उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम से भी बाहर कर दिया था। इसे लेकर लंबे समय तक सिलेक्टर्स की आलोचना होती रही, लेकिन सूर्यकुमार यादव चुप रहे। अब पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के साथ बातचीत में सूर्यकुमार यादव ने इस मामले पर खुलकर अपनी बात कही है और कई बड़े खुलासे किए हैं।
आकाश चोपड़ा के साथ बातचीत में SKY ने बताया कि टीम में अपना नाम न देखकर उनकी पहली प्रतिक्रिया गुस्सा या नाराजगी नहीं, बल्कि मुस्कुराने की थी। हालांकि इसके बाद करीब डेढ़ महीने तक अकेले बैठकर उनके मन में एक ही सवाल घूमता रहा- ‘ऐसा कैसे हो सकता है?’ उन्होंने पहले चयनकर्ताओं के नजरिए से फैसले को समझने की कोशिश की। उन्हें लगा कि चयन समिति भविष्य को ध्यान में रखकर टीम को आगे बढ़ाना चाहती है। ऐसे में उन्होंने चयनकर्ताओं के फैसले का सम्मान करना बेहतर समझा। सूर्यकुमार ने यह भी साफ किया कि उन्हें श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाए जाने से कोई समस्या नहीं थी। उनकी असली उलझन यह थी कि जब टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही थी और विश्व कप भी जीत चुकी थी, तब बदलाव की जरूरत क्यों पड़ी?
‘हमने वर्ल्ड कप जीता था, फिर बदलाव क्यों?’
सूर्यकुमार के लिए यह सवाल इसलिए भी बड़ा था, क्योंकि उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा कि करीब दो साल तक टीम ने कोई सीरीज नहीं गंवाई थी और इस दौरान एशिया कप तथा टी20 विश्व कप जैसी बड़ी सफलताएं भी मिलीं। यही वजह थी कि कप्तान के तौर पर वह भविष्य को लेकर काफी सकारात्मक थे। उन्हें उम्मीद थी कि 2026 के बाद भी वह टीम को आगे ले जाएंगे। उनके सामने अगले टी20 विश्व कप और ओलंपिक जैसी बड़ी चुनौतियां थीं। हालांकि चयनकर्ताओं की सोच अलग थी। जून 2026 में BCCI ने श्रेयस अय्यर को भारत का नया T20 कप्तान घोषित किया और सूर्यकुमार को टीम से बाहर कर दिया। तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया।
‘मैं डेढ़ महीने घर पर बैठकर सोचता रहा’
सूर्यकुमार ने स्वीकार किया कि शुरुआत में उन्होंने फैसला सहजता से स्वीकार करने की कोशिश की, लेकिन कुछ समय बाद यह बात उन्हें भीतर से परेशान करने लगी। उन्होंने बताया कि वह करीब डेढ़ महीने तक घर पर रहे। परिवार और दोस्त उनसे मिलने आए और सभी ने समझाया कि यह जिंदगी का हिस्सा है। जब लोग वापस चले जाते थे और वह अकेले रह जाते थे, तब उनके मन में वही सवाल दोबारा उठता था। उनके लिए यह स्थिति इसलिए मुश्किल थी, क्योंकि कुछ समय पहले ही उन्होंने भारत को विश्व कप जिताया था। ऐसे में अचानक टीम से बाहर होना उनके लिए भी अप्रत्याशित था। उन्होंने माना कि IPL में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। यही वह क्षेत्र था, जहां चयनकर्ताओं के फैसले को समझने की कोशिश उन्होंने की।
सिलेक्टर्स ने 2-3 दिन पहले दी थी जानकारी
सूर्यकुमार ने बड़ा खुलासा किया और बताया कि टीम की घोषणा से दो-तीन दिन पहले सिलेक्टर्स ने उन्हें फोन किया था। उन्हें बताया गया कि अब टीम को आगे बढ़ाने का समय है और इस बार उनका नाम टीम में नहीं होगा। सूर्यकुमार के मुताबिक उन्होंने इस बातचीत पर कोई तीखी प्रतिक्रिया नहीं दी। उनका कहना था कि चयनकर्ताओं ने जो फैसला लिया, उन्हें उस समय लगा होगा कि टीम के भविष्य के लिए यही बेहतर है। इसलिए उन्होंने उस फैसले को स्वीकार किया।
‘मैं किसी भी समय वापसी के लिए तैयार हूं’
टीम से बाहर किए जाने के बावजूद सूर्यकुमार के शब्दों में भारतीय टीम के प्रति नाराजगी नहीं दिखाई दी। उन्होंने साफ कहा कि वह क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे और जब भी टीम को उनकी जरूरत महसूस होगी, वह उपलब्ध रहेंगे। सूर्यकुमार ने बातचीत में यह भी साफ किया कि उन्हें श्रेयस अय्यर के कप्तान बनाए जाने से कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने श्रेयस को अच्छा खिलाड़ी, अच्छा इंसान और अच्छा कप्तान बताया।
खराब फॉर्म बनी चयनकर्ताओं की चिंता
सूर्यकुमार की बल्लेबाजी फॉर्म पिछले कुछ समय से चर्चा में रही थी। चयनकर्ताओं के फैसले के पीछे उनकी बल्लेबाजी में आई गिरावट और भविष्य की टीम तैयार करने की योजना को प्रमुख कारण माना गया। आईपीएल 2026 में सूर्यकुमार ने 13 पारियों में 270 रन बनाए थे और उनका औसत 20.76 रहा था। ICC ने भी जून में भारत की नई T20I व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया था कि 2026 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार को आयरलैंड और इंग्लैंड के आगामी मुकाबलों के लिए टीम में जगह नहीं मिली, जबकि श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया।

