फरीदाबाद. हरियाणा स्थित फरीदाबाद के 2 जिम संचालकों की आगरा (उत्तर प्रदेश) में मौत हो गई है. तेज रफ्तार में उनकी कार एक कैंटर में जा घुसी. कार कैंटर में फंसकर करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई. हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला. मृतकों की पहचान नितिन और रूपेश के रूप में हुई दोनों साथ मिलकर एक जिम चलाते थे. दोनों सोमवार को फरीदाबाद से अयोध्या राम मंदिर दर्शन करने गए थे. दर्शन कर लौटते समय आगरा फतेहाबाद-बाह मार्ग पर ‘बाबा की तिबरिया’ के पास ये हादसा हुआ.
मौके पर ही मौत
फरीदाबाद के जाजरू गांव का रहने वाले नितिन (38) और गांव भनकपुर का रहने वाला रूपेश (40) दोस्त थे. दोनों एक साथ मिलकर बल्लभगढ़-फरीदाबाद के सीकरी क्षेत्र में जिम चलाते थे. परिजनों के अनुसार, दोनों सोमवार को घर से अयोध्या राम मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे. सोमवार रात फतेहाबाद थाना क्षेत्र में उनकी कार की कैंटर से टक्कर हो गई. हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चकनाचूर होकर कैंटर के अगले हिस्से में फंस गई और करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई.
क्या बोली पुलिस
सूचना मिलते ही थाना फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची. कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शवों को निकालना आसान नहीं था. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से कार को काटकर शव को बाहर निकाला गया. पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया है. फरार कैंटर चालक की तलाश जारी है.
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
