Air India Flight News: एयर इंडिया की कोलकाता से मुंबई जा रही फ्लाइट में बुधवार सुबह सुरक्षा को लेकर हड़कंप मच गया। विमान के वॉशरूम में हाईजैक की धमकी वाला एक नोट मिलने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी, जिसके बाद विमान को कोलकाता एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया। एहतियातन विमान में सवार सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी।
वॉशरूम में मिला धमकी वाला नोट
एयर इंडिया की फ्लाइट AI 772 बुधवार सुबह कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई के लिए रवाना होने वाली थी। उड़ान से पहले विमान के वॉशरूम में एक धमकी भरा नोट मिला। कोलकाता एयरपोर्ट के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार नोट में विमान को सुबह 11:10 बजे हाईजैक करने की धमकी दी गई थी। इस घटना के बाद विमान में मौजूद क्रू मेंबर्स ने तुरंत पायलट को इसकी जानकारी दी।
पायलट ने ATC को किया अलर्ट
धमकी की जानकारी मिलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट किया। इसके बाद तय सुरक्षा मानक प्रक्रिया (SOP) के तहत विमान को सामान्य पार्किंग क्षेत्र से हटाकर एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया। यह एयरपोर्ट का विशेष सुरक्षित क्षेत्र होता है, जहां किसी सुरक्षा खतरे की आशंका होने पर विमान को अलग रखकर जांच की जाती है। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गईं।
93 यात्री और 5 क्रू मेंबर्स थे सवार
एयर इंडिया विमान में 93 यात्री और पांच क्रू मेंबर्स सवार थे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया। इसके बाद संबंधित अधिकारियों ने विमान की तलाशी और सुरक्षा जांच शुरू की। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी भरा नोट किसने और किस समय विमान के वॉशरूम में रखा था। धमकी मिलने के बाद विमान की विस्तृत सुरक्षा जांच की जा रही है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
विमानों को धमकी मिलने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसी किसी भी सूचना को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से लेती हैं और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत विमान की जांच की जाती है। इससे पहले भी कोलकाता एयरपोर्ट पर विमानों में धमकी भरे संदेश मिलने के बाद यात्रियों को उतारकर तलाशी अभियान चलाया जा चुका है।

