Jammu & Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बाइक सवार आतंकवादियों के हमले में तीन जवान घायल हो गए। दोपहर में गश्ती के दौरान CRPF के जवानों पर आतंकवादियों ने पीछे से अंधाधुंध फायरिंग करके फरार हो गए। एक जवान की टांग में, दूसरे की बाजू में और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। जवान संतोष चंद्रू की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मीर बाजार के पास हुआ हमला
घायल जवानों को इलाज के लिए अनंतनाग जिले के एक अस्पताल में ले जाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों ने बताया कि यह हमला मीर बाजार के पास स्थित शिविर में हुआ। हमले के बाद इलाके को घेर लिया गया है और हमलावरों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।
किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली
हालांकि, किसी आतंकी संगठन ने तत्काल इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन माना जा रहा है कि यह हमला लश्कर-ए-तैयबा का हिट स्क्वाड कहे जाने वाले ‘द रजिस्टेंस फ्रंट टीआरएफ’ के आतंकी लतीफ बट के मॉडयूल ने किया है।
आतंकियों ने की फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, कुलगाम के आखरन नौपुरा में बुधवार की दोपहर को सीआरपीएफ 46वीं वाहिनी के जवानों ने एक नाका लगाया हुआ था। नाका पार्टी वहां से गुजरने वाले वाहनों व लोगों की जांच पड़ताल कर रही थी। लगभग 2:15 बजे के करीब मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक नाके के पास पहुंचे और उन्होंने सीआरपीएफ जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोलियां चलाकर हुए फरार
इससे वहां मौजूद आम लोगों में अफरा तफरी मच गई। तीन सीआरपीएफ जवान घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। अन्य जवानों ने अन्य जवानों ने उसी समय मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायर किया, लेकिन उन्होंने वहां फैली अफरा-तफरी के बीच आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ संयम बरता, जिसका लाभ लेकर आतंकी भागने में कामयाब रहे।
तीन जवानों को लगी गोली
हमले की सूचना मिलते ही निकटवर्ती शिविरों से सुरक्षाबलों की अतिरिक्त टुकड़ियां भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने उसी समय पूरे इलाके की घेराबंदी करते हुए घायल जवानों को उपचार के लिए निकटवर्ती अस्पताल पहुंचाया।
घायल सीआरपीएफ जवानों के नाम
- सीटी/जीडी राकेश दास, पुत्र अरुण दास, निवासी असम
- सीटी/जीडी संतोष चंद्रू, पुत्र महावीर, निवासी पश्चिम बंगाल
- एचसी/जीडी सोमवीर सिंह, पुत्र महावीर, निवासी मध्य प्रदेश
डॉक्टरों के मुताबिक एक जवान की टांग में, दूसरे की बाजू में और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। जवान संतोष चंद्रू की हालत गंभीर बताई जा रही है।

