सोहनाः हरियाणा के गुरुग्राम के भोंडसी थाना क्षेत्र के जेल रोड स्थित संधार कंपनी में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया. कंपनी में काम करने के दौरान तीन मजदूर अचानक अनियंत्रित होकर केमिकल टैंक में जा गिरे. टैंक में मौजूद जहरीले रसायन और गैस की चपेट में आने से तीनों मजदूर बेहोश हो गए. हादसे के बाद कंपनी परिसर में चीख-पुकार मच गई. आनन-फानन में तीनों को टैंक से बाहर निकालकर उपचार के लिए बादशाहपुर स्थित एकता अस्पताल पहुंचाया गया.
दो बिहार के रहने वाले थे कर्मचारी
अस्पताल में तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पार्क अस्पताल रेफर कर दिया. वहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए तमाम प्रयास किए, लेकिन दुर्भाग्यवश तीनों की जान नहीं बचाई जा सकी. उपचार के दौरान तीनों मजदूरों ने दम तोड़ दिया. पुलिस और अस्पताल प्रशासन के अनुसार मृतकों की पहचान 21 वर्षीय आरिफ निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार, 20 वर्षीय अनिल झा निवासी नवादा, बिहार तथा 50 वर्षीय नरेश कुमार पुत्र शिवलाल यादव निवासी बादशाहपुर के रूप में हुई है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में दो युवा मजदूरों और एक अधेड़ व्यक्ति की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. सूचना मिलने के बाद भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरुग्राम भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं. इस दर्दनाक हादसे ने औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर तीनों मजदूर केमिकल टैंक में कैसे गिरे? क्या कंपनी में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे? क्या मजदूरों को जरूरी सुरक्षा उपकरण और प्रशिक्षण दिया गया था? पुलिस जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
