समझौते के तहत तीनों देश संयुक्त सैन्य अभ्यास भी करेंगे
Security Deal, (द भारत ख़बर), मक्का: मक्का: पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की ने मक्का में संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसमें नाटो की तरह किसी एक देश पर हमला होने की स्थिति में उसे तीनों देशों पर हमला माना जाएगा। यह समझौता सिर्फ रक्षा सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि तीनों देशों के बीच सैन्य और रणनीतिक गठजोड़ को नए स्तर पर ले जाने की कोशिश माना जा रहा है।
समझौते के तहत तीनों देश संयुक्त सैन्य अभ्यास करेंगे, खुफिया जानकारी साझा करेंगे, सुरक्षा तालमेल बढ़ाएंगे और क्षेत्रीय चुनौतियों से मिलकर निपटने की रणनीति बनाएंगे। समझौते पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने हस्ताक्षर किए हैं। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं है कि क्या ये तीनों देश एक दूसरे की सहायता के लिए सेनाओं को भी भेजेंगे या सिर्फ हथियारों और इंटेल से मदद करेंगे।
अमेरिका के सुरक्षा देने से मना करने पर उठाया कदम
अल जजीरा के मुताबिक, सऊदी अरब और कुछ हद तक तुर्किये लंबे समय से अपनी सुरक्षा के लिए अमेरिका पर निर्भर रहे हैं। लेकिन राष्ट्रपति ट्रम्प ने साफ कह दिया है कि अब उसके सहयोगी देशों को अपनी सुरक्षा का बोझ खुद उठाना होगा। इस बदले रुख ने सहयोगी देशों को अपने सुरक्षा समीकरण नए सिरे से बनाने पर मजबूर कर दिया है।
क्षेत्रीय रक्षा गठजोड़ मजबूत करने की रणनीति अपना रहे मिडिल ईस्ट के कई देश
इसके अलावा, मिडिल ईस्ट के कई देशों का मानना है कि अमेरिका की क्षेत्रीय नीति में इजराइल को सबसे ज्यादा प्राथमिकता मिलती है। ऐसे में सऊदी अरब समेत कई देश अब सिर्फ अमेरिका पर निर्भर रहने के बजाय अपने क्षेत्रीय रक्षा गठजोड़ मजबूत करने की रणनीति अपना रहे हैं।
पाकिस्तान ने तुर्की और सऊदी अरब को न्यूक्लियर अंब्रेला की गारंटी दी
इस समझौते में पाकिस्तान ने तुर्की और सऊदी अरब को न्यूक्लियर अंब्रेला की गारंटी दी है। न्यूक्लियर अंब्रेला एक देश की ऐसी गारंटी है, जिसके तहत कोई परमाणु-सक्षम देश किसी गैर-परमाणु सहयोगी देश की रक्षा करने का वचन देता है। अगर उस सहयोगी देश पर हमला होता है, तो परमाणु शक्ति संपन्न देश जवाबी कार्रवाई के रूप में अपने परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने की धमकी दे सकता है।
ये भी पढ़ें: महिला आरक्षण पर राहुल गांधी का सरकार पर हमला

