शॉल ओढ़ाया, समर्थन पत्र सौंपा
Tamil Nadu, (द भारत ख़बर), चेन्नई: तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी सस्पेंस खत्म हो गया है। टीवीके ने बहुमत के लिए जरूरी विधायकों का समर्थन जुटा लिया है। आईयूएमएल और वीसीके से समर्थन मिलने के बाद विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम के पास बहुमत के लिए जरूरी 118 विधायकों की संख्या पूरी हो गई है। विजय के गुट में अब 121 विधायक हो गए हैं। कांग्रेस, सीपीआई और सीपीआई (एम) टीवीके को पहले ही समर्थन दे चुकी है। अब टीवीके चीफ विजय ने शनिवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की और सरकार गठन का दावा पेश किया। विजय ने राज्यपाल को शॉल ओढ़ाया, समर्थन पत्र सौंपा।
टीवीके सरकार बनने कांग्रेस के पी. विश्वनाथन बन सकते है मंत्री
इस बीच कांग्रेस ने हॉर्स ट्रेडिंग के डर से अपने पांच विधायकों को हैदराबाद भेज दिया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक मेलूर विधायक पी. विश्वनाथन विधायकों के ग्रुप का नेतृत्व कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक टीवीके सरकार बनने पर पी. विश्वनाथन को मंत्री बनाया जा सकता है।
3 बार राज्यपाल से मिल चुके विजय
इससे पहले एक्टर विजय शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मिले और सरकार बनाने का दावा पेश किया, लेकिन उनके पास महज 116 विधायकों का ही समर्थन पत्र था। इससे पहले विजय ने 6 और 7 मई को भी सरकार बनाने का दावा पेश किया था। लेकिन राज्यपाल ने कहा कि 118 विधायकों का समर्थन दिखाए बिना वे सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं कर सकते।
ये भी पढ़ें: शुभेंदु ने ली पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ

