नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने फैंस का दिल तोड़ने वाली घोषणा की है. उन्होंने इस बात को पक्का कर दिया कि वो इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने जा रहे है्ं. उन्होंने साफ किया कि 2027 में होने वाला आईसीसी पुरुष वनडे विश्व कप भारत के लिए उनका आखिरी 50 ओवर का विश्व कप होगा. 2027 का वनडे विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में अक्टूबर-नवंबर के दौरान खेला जाना है.
पूर्व भारतीय क्प्तान विराट कोहली ने 2011 में अपना पहला वनडे विश्व कप खेला था. महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2 अप्रैल 2011 को घरेलू दर्शकों के सामने विश्व कप का खिताब जीता था. विराट ने इसके बाद 2015, 2019 और 2023 में भी आईसीसी वर्ल्ड कप खेला. विश्व कप के इतिहास में कोहली दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. वनडे विश्व कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है. उन्होंने 2023 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 765 रन बनाए थे.
विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले जियोस्टार से बातचीत की. उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले विश्व कप की तैयारी में अपना पूरा जोर लगाना चाहते हैं. उन्होंने साफ कहा कि 2027 का टूर्नामेंट भारत के लिए उनका आखिरी विश्व कप होगा और उनका लक्ष्य खिताब जीतना है. कोहली ने कहा, “मेरे लिए यह भारत के लिए आखिरी विश्व कप है और यही मेरी प्रेरणा है. इसी वजह से मैं इस बार के टूर्नामेंट में अपना सबकुछ झोंक देना चाहूंगा. मेरा टारगेट विश्व कप जीतना है और इसके लिए जो भी करना पड़े, मैं उसके लिए पूरी तरह तैयार हूं.”

