नई दिल्ली. दुनिया के महानतम फिनिशर और कप्तान में शुमार महेंद्र सिंह धोनी के क्रिकेट का सफर खत्म हो गया. इंटरनेशनल क्रिकेट को 2020 में अलविदा कह चुके पूर्व भारतीय कप्तान ने अब क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी है. इंडियन प्रीमियर लीग के पहले सीजन से चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलने वाले धोनी ने अपने खास सॉन्ग के साथ संन्यास की घोषणा की. उन्होंने अपना वीडियो पोस्ट किया जो उनके ऑल फॉर्मेट से रिटायरमेंट का पहला रिएक्शन है.
पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने अपने पसंदीदा गाने ‘मैं पल दो पल का शायर हूं’ के साथ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से संन्यास का ऐलान किया. अगस्त 2020 में जब उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था, तब भी इसी गाने का इस्तेमाल किया था. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की ओर से जारी बयान में धोनी का कोई सीधा संदेश शामिल नहीं था. उन्होंने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए अपने संन्यास की जानकारी दी. इससे पहले 2020 में भी उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था.
धोनी ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “फैंस ने मुझे गलत साबित कर दिया. इसे स्वीकार करने के लिए इससे बेहतर गाना नहीं हो सकता. शायद इसके दो वर्जन इसलिए बनाए गए थे, ताकि मैं गलती कर सकूं और फिर उसे स्वीकार कर सकूं.”
धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को अपनी कप्तानी में पांच आईपीएल खिताब जिताए. वह टीम के लिए 5,314 रन के साथ दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. इसके अलावा 272 मैचों के साथ वह सीएसके के लिए सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं. धोनी के संन्यास के साथ जारी वीडियो में उनके क्रिकेट करियर के कई खास और दुर्लभ पल दिखाए गए. इसमें भारतीय जर्सी में उनके शुरुआती दिनों से लेकर 2007 टी20 विश्व कप और 2011 वनडे विश्व कप की ऐतिहासिक जीत तक का सफर शामिल था.

