नई दिल्ली. भले ही भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे दो टेस्ट मैच के पहले मुकाबले में पकड़ मजबूत कर ली हो लेकिन एक खिलाड़ी सवालों के घेरे में है. हम बात कर रहे हैं टीम के उप कप्तान के पद से हटाए गए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की. उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट की पहली पारी में जैसा शॉट खेलकर विकेट गंवाया उसपर सवाल उठ रहे हैं. पहले भी पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने उनको लेकर काफी कुछ कहा हुआ है. अब मोहम्मद कैफ ने पंत के अंदर कॉमन सेंस की कमी बताई है.
भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट में विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत का आउट होने टीम को खल गया. एक बार फिर अच्छी शुरुआत को वो बड़ी पारी में नहीं बदल पाए. पंत दूसरे दिन 62 गेंद पर 39 रन बनाकर आउट हुए. पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने उनके शॉट सेलेक्शन पर सवाल उठाए हैं. जैसे समय पर उन्होंने अपना विकेट गंवाया उनको पास टीम को और बेहतर स्थिति में पहुंचाने का मौका था.
ऋषभ पंत ने श्रीलंका के खिलाफ पहली पारी में सधी हुई शुरुआत की थी. देवदत्त पडिक्कल के साथ मिलक पारी को आराम से आगे बढ़ा रहे थे. दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी हो चुकी थी. फिर अचानक से उन्होंने एक खराब शॉट खेल दिया. भारत की पारी के 81वें ओवर में पंत ने क्रीज से आगे निकलकर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की. गेंद उनके बल्ले के निचले हिस्से से लगी. गेंद हवा में गई और मिड-ऑफ पर कैच हो गया. पंत अच्छी तरह से पारी को बनाने के बाद ऐसे आउट होने पर कैफ ने बेहद नाराज नजर आए. उन्होंने कहा नए गेंद के सामने कुछ ओवर संभलकर खेलना चाहिए था. कैफ ने कहा, “मुझे इस बात को लेकर कोई शिकायत नहीं है कि ऋषभ पंत जिस तरह से आउट हो कर वापस लौटे. उनके खेलने का तरीका यही है. मेरी शिकायत इस बात को लेकर है कि उनके अंदर कोई कॉमन सेंस नहीं है. जब आपके सामने नई बॉल को और पहला ओवर डाला जा रहा है तो आगे आकर शॉट खेलने की कोशिश क्यों की.”
कैफ ने आगे कहा कि टेस्ट क्रिकेट में नई बॉल जब विरोधी टीम लेती है तो बैटर को कुछ समय इसे पुराना करने के लिए देना होता है. कैफ बोले, “ये बात को कॉमन सेंस की है कि जब आप कट शॉट खेलो और नई गेंद को पांच-छह ओवर देखो. यही टेस्ट मैच को खेलने का ट्रेडिशनल तरीका है. किसी भी बैटर के अंदर तो इतनी कॉमन सेंस होनी चाहिए.”

