मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर जताया दुख
Vedanta Power Plant Boiler Blast, (द भारत ख़बर), सक्ती: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट होने से 9 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना डभरा थाना क्षेत्र की है। प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजनों ने हंगामा कर दिया। घायलों से मिलने देने की मांग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा, पीड़ितों के लिए उचित मुआवजे और घायलों के उपचार की व्यवस्था की जाए। वहीं मालखरौदा से पूर्व विधायक चैन सिंह सामले ने कहा कि मृतकों के परिजनों को नौकरी दिया जाए। उचित मुआवजा दिया जाए। ऐसा नहीं होता है तो लड़ाई लड़ी जाएगी।
वेस्ट बंगाल से काम करने आए थे मजदूर
ठेका कंपनी के सुपरवाइजर हादसे के समय मौके पर थे। उन्होंने बताया कि बॉयलर-1 में ब्लास्ट हुआ। हम लोग पेंटिंग का काम कर रहे थे। हम लोग वेस्ट बंगाल से काम करने आए थे।
कांग्रेस ने मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़ और घायलों को 50-50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़ और घायलों को 50-50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की है। बैज ने कहा कि इस घटना में 9 मजदूरों की मौत और 50 से अधिक के घायल होने की खबर बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने इसे हादसा नहीं बल्कि हत्या बताते हुए प्लांट प्रबंधन और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने मामले की न्यायिक जांच कराने, घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें: ईरान ने अमेरिका पर बातचीत के बजाय शर्तें थोपने का आरोप लगाया

