Russia-Ukraine War Updates, (द भारत ख़बर), कीव: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके यूक्रेनी समकक्ष वलोडिमिर जेलेंस्की के बीच बैठक होने से एक दिन पहले 27 दिसंबर की रात यानी कल रात यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले हुए। कई जगह धमाकों की सूचना है। जेलेंस्की और ट्रंप के बीच बैठक आज होनी है। बता दें कि रूस-यूक्रेन के बीच चार साल से युद्ध चल रहा है। जंग खत्म करने के लिए राजनयिक प्रयास जारी हैं, पर अब तक इसमें सफलता नहीं मिली है।
अंतिम समझौते की उम्मीद अभी नहीं : जेलेंस्की
वोलोदिमिर जेलेंस्की और ट्रंप के बीच फ्लोरिडा में रविवार को मुलाकात होगी। इस मीटिंग को शांति वार्ता की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। जेलेंस्की ने कहा कि इस मुलाकात का मकसद युद्ध समाधान से जुड़े लंबित मुद्दों को आगे बढ़ाना है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि किसी अंतिम समझौते की उम्मीद अभी नहीं की जानी चाहिए। वार्ता में जितने अधिक मुद्दों पर सहमति बन सकेगी, उस पर फोकस रहेगा।
कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं : कीव इंडिपेंडेंट
कीव इंडिपेंडेंट ने मॉनिटरिंग सूत्रों के हवाले बताया है कि राजधानी कीव पर बड़े पैमाने पर बैलिस्टिक मिसाइल हमला हुआ क्योंकि रूस ने शहर पर कई किंझल हाइपरसोनिक मिसाइलें, 4 इस्कंदर बैलिस्टिक मिसाइलें और कई कैलिबर क्रूज मिसाइलें दागीं हैं। कीव इंडिपेंडेंट के मुताबिक राजधानी और आसपास के कीव ओब्लास्ट में कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं।
वायु रक्षा बल काम कर रहे, शेल्टर में रहें लोग : मेयर
कीव से लगभग 20 किमी उत्तर-पूर्व स्थित ब्रोवेरी शहर में, हमलों के कारण बिजली गुल हो गई, जिससे शहर और आसपास के इलाके प्रभावित हुए। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने भी हमले की पुष्टि की और इलाके में रहने वाले लोगों से शेल्टर में रहने की अपील की। उन्होंने कहा, वायु रक्षा बल काम कर रहे हैं। शेल्टर में रहें!
यूक्रेन की वायु सेना ने जारी किए कई आपातकालीन अलर्ट
यूक्रेन की वायु सेना ने भी कई आपातकालीन अलर्ट जारी किए, जिसमें कीव और आसपास के क्षेत्रों में मानवरहित हवाई वाहनों के संचालन की चेतावनी दी गई। वायु सेना के अनुसार, मानवरहित हवाई वाहनों को खुद कीव के साथ-साथ कीव क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी देखा गया, जिसमें वेलिका डाइमरका के पास के इलाके और पेरेयास्लाव गांव के पश्चिम में दक्षिण की ओर जाते हुए इलाके शामिल हैं।
ये भी पढ़ें : Russia-Ukraine War Update : रूस से तनाव के बीच ट्रंप से मिलने पहुंचे जेलेंस्की

