दिसंबर 2025 में परिचालन समस्याओं के चलते वित्तीय संकट से गुजर रही है देश की सबसे बड़ी एयरलाइन
Indigo New CEO (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : दिसंबर 2025 में अचानक परिचालन संबंधी समस्याओं के पैदा होने के बाद से देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो में हालात अभी तक सामान्य नहीं हो पाए हैं। पिछले दिनों जहां कंपनी पर भारी जुर्माना लगाया गया था वहीं गत दिवस मुख्य कार्यकारी अधिकारीपीटर एल्बर्स ने मंगलवार को अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
वह पिछले तीन साल से अधिक समय से इस पद पर कार्यरत थे। उनके अप्रत्याशित इस्तीफे के बाद, एयरलाइन के सह-संस्थापक और प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया ने कंपनी के कामकाज की पूरी कमान अपने हाथों में ले ली है। अब यह देखना होगा की राहुल कंपनी को किस तरह से दोबारा मजबूत स्थिति में लाते हैं। पीटर एल्बर्स का यह इस्तीफा ऐसे समय में आया है, जब महज तीन महीने पहले एयरलाइन को भारी परिचालन बाधाओं का सामना करना पड़ा था। इस अव्यवस्था के कारण न केवल जनता में भारी रोष देखा गया था, बल्कि नियामक संस्थाओं ने भी सख्त कदम उठाए थे।
वर्तमान में इंडिगो की स्थिति
वर्तमान समय में इंडिगो भारतीय एविएशन सेक्टर की सबसे मजबूत और अग्रणी कंपनी है। कंपनी के पास वर्तमान में 400 से अधिक विमानों का विशाल बेड़ा है। दिसंबर 2025 को यदि छोड़ दिया जाए तो यह कंपनी रोजाना 2,200 से अधिक उड़ानों का सफलतापूर्वक संचालन करती है। कंपनी की विशालता का पता इसी बात से लगता है कि जनवरी महीने के आंकड़ों के अनुसार, भारतीय घरेलू विमानन बाजार में इंडिगो की हिस्सेदारी 63.6 प्रतिशत रही है।
राहुल भाटिया ने कंपनी कर्मचारियों को दिलाया भरोसा
राहुल भाटिया के सामने सबसे बड़ी प्राथमिकता एयरलाइन के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करना और निवेशकों व ग्राहकों के विश्वास को और अधिक मजबूत करना होगा। नेतृत्व में इस बड़े बदलाव के बीच राहुल भाटिया ने कर्मचारियों को एक भावुक और जिम्मेदारी भरा संदेश भेजा है, जिसके अंत में उन्होंने 2004 की मशहूर बॉलीवुड ब्लॉकबस्टर फिल्म के तर्ज पर खुद को ‘राहुल उर्फ मैं हूं ना’ कहकर संबोधित किया।
ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोना 1230, चांदी 10,442 रुपए महंगी

