सप्ताह के पहले कारोबारी दिन ही बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 1,635.67 अंक तो निफ्टी 488.20 अंक की गिरावट के साथ हुए बंद
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारतीय शेयर बाजार में पिछले सप्ताह की गिरावट का क्रम सोमवार को भी जारी रहा। पश्चिमी एशिया संकट और अमेरिका -ईरान युद्ध का कोई हल निकलता न देख निवेशकों में हड़बड़ाहट दिखाई दी। बाजार में खरीदारी से ज्यादा बिकवाली रही वह भी विदेशी निवेशकों द्वारा भारतीय बाजार से भारी मात्रा में धन निकासी की गई। जिसका सीधा असर बाजार पर पड़ा और दिन का समय समाप्त होने के समय सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए।
एशियाई बाजारों में कमजोर रुझान और विदेशी निधियों की निरंतर निकासी ने भी घरेलू शेयरों में मंदी के रुझान को और बढ़ा दिया। निवेशकों के पोर्टफोलियो में नौ लाख करोड़ रुपये की कमी आई। लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज करते हुए, 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,635.67 अंक या 2.22 प्रतिशत गिरकर 71,947.55 पर बंद हुआ। दिन के दौरान, यह 1,809.09 अंक या 2.45 प्रतिशत गिरकर 71,774.13 पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 488.20 अंक या 2.14 प्रतिशत गिरकर 22,331.40 पर बंद हुआ।
सोने और चांदी में आई तेजी
भारतीय सर्राफा बाजार में सोमवार का दिन दोनों कीमती धातुओं के लिए अच्छा रहा। दोनों ने ही सप्ताह की शुरुआत अच्छी बढ़त के साथ की। दिन के कारोबार के दौरान सोने और चांदी के दाम में लगातार मजबूती बनी रही और भारतीय शेयर बाजार में जोरदार गिरावट और रुपए में रिकॉर्ड गिरावट के बीच इन दोनों के दाम में अच्छी तेजी दिखाई दी। सर्राफा बाजार के जानकारों का कहना है कि दोनों कीमती धातुओं की तेजी के पीछे वैश्विक स्तर पर आई तेजी और घरेलू बाजार में जारी शानदार मांग रही। आगामी शादी के सीजन को देखते हुए ज्वैलर्स की ओर से की गई ताजा खरीदारी और रुपये की रिकॉर्ड गिरावट के कारण घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में करीब 3 प्रतिशत का भारी उछाल दर्ज किया गया है।
दिल्ली में इस तरह रहे दोनों के दाम
सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 3,700 रुपये या 2.5 प्रतिशत बढ़कर 1,51,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई। पिछले बाजार सत्र में पीली धातु 1,47,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर स्थिर हुई थी। वहीं चांदी की कीमत में 7,000 रुपये या 3.04 प्रतिशत की भारी छलांग दर्ज की गई, जिसके बाद यह 2,37,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) के स्तर पर पहुंच गई। शुक्रवार को पिछले कारोबारी सत्र में यह 2,30,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

