राजधानी दिल्ली में गर्मी की भीष्ण लहर को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिए निर्देश
Delhi Breaking News (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली इन दिनों भीष्ण गर्मी की चपेट में है। मौसम विभाग ने चेतावनी जताई है कि आज और कल राजधानी में लू चलेगी और तापमान 45 डिग्री तक जा सकता है। इसके साथ ही लोगों को धूप में घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है ताकि किसी तरह से वे गर्मी की चपेट में न आ सकें। इसी बीच दिल्ली में बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हीट वेव एक्शन प्लान 2026 की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए साफ कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक हीट वेव से होने वाली मौतों को शून्य तक लाना है।
उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि इस दिशा में हर स्तर पर पुख्ता, समयबद्ध और जमीनी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। दिल्ली सचिवालय में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अस्पतालों में हीट वेव से प्रभावित मरीजों के लिए पर्याप्त बेड उपलब्ध हों और एम्बुलेंस में आवश्यक उपचार सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
अस्पतालों में स्थापित किए गए कूल रूम
इसके तहत 30 से अधिक अस्पतालों में विशेष कूल रूम स्थापित किए गए हैं, जहां हीट स्ट्रोक के मरीजों का तत्काल उपचार किया जा सकेगा। स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों के तहत राजधानी के 339 से अधिक स्वास्थ्य केंद्रों को ओआरएस, आइस पैक और आवश्यक दवाओं से सुसज्जित किया गया है। 174 चिकित्सा अधिकारियों और आशा कार्यकतार्ओं को हीट से संबंधित बीमारियों के प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया है, जबकि 330 एम्बुलेंस को आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए तैयार रखा गया है।
स्वच्छ पेयजल और ओआरएस की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने जन सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि बस स्टैंड, पुलिस थानों, पोस्ट आॅफिस, अटल कैंटीनों और निर्माण स्थलों सहित सभी सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ पेयजल और ओआरएस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शहर में वाटर कूलर, वाटर एटीएम और टैंकरों की उपलब्धता बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस द्वारा 11,000 से अधिक एयर कूलर और 1,900 वाटर कूलर लगाए जा चुके हैं, जबकि ट्रैफिक पुलिस ओआरएस पैकेट्स का वितरण कर रही है।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather Update : दिल्ली में पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी

