महिला आरक्षण कानून के क्रियान्वयन पर सरकारी संकल्प पेश करेंगी सीएम, सत्र के हंगामेदार होने की उम्मीद
Delhi Assembly Session (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र आज शुरू होगा। इस बार सत्र को लेकर जहां सरकार ने पूरी तैयारी की है वही विपक्ष भी सरकार को अहम मुद्दों पर घेरने के लिए पूरी तरफ से तैयार है। सत्र की शुरुआत आज सुबह 11 बजे होगी। विधानसभा सत्र से पहले सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोक निवास जाकर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से मुलाकात की। उनसे दिल्ली के विकास कार्यों, भीषण गर्मी से बचने की कार्य योजना, जलभराव से निपटने की तैयारियों पर बात हुई।
सुरक्षा को लेकर किए गए पुख्ता प्रबंध
सोमवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में संभावित खतरों, निगरानी, ट्रैफिक, मेडिकल और आपातकालीन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। सुरक्षा के तहत इस बार विधानसभा परिसर में प्रवेश सिर्फ गेट नंबर-1 से ही होगा। ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन के लिए भी विशेष प्लान तैयार किया गया है।
कार्यसूची के अनुसार इन मुद्दों पर होगी चर्चा
सदन में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। कार्यसूची के मुताबिक, सत्र की शुरूआत निधन संबंधी उल्लेख से होगी। इसके बाद सदस्य नियम-280 के तहत विशेष मुद्दे उठा सकेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता वर्ष 2024-25 के वित्त लेखे और विनियोग लेखे सदन के पटल पर रखेंगी। साथ ही, वह महिला आरक्षण कानून के क्रियान्वयन पर सरकारी संकल्प भी पेश करेंगी।
कल चुना जाना है महापौर
एमसीडी के महापौर चुनाव से पहले भाजपा ने अपने पार्षदों को एकजुट रखने और किसी भी तरह की क्रॉस वोटिंग रोकने के लिए रणनीतिक तैयारी तेज कर दी है। पार्टी नेतृत्व ने चुनाव को बेहद गंभीरता से लेते हुए अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया है।
नेता सदन जयभगवान यादव ने पार्टी पार्षदों के लिए औपचारिक व्हिप जारी किया है। सभी पार्षदों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे पार्टी लाइन के अनुसार मतदान करें और चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता से बचें। इसके अलावा सभी पार्षद सदन की बैठक में आएं।

