Delhi Bike Accident News: दिल्ली के हौज खास इलाके में बाइक चला रही एक लड़की का दो लड़कों ने पहले पीछा किया, फिर उसे टक्कर मार दी। घटना में लड़की घायल हुई है और उसका इलाज चल रहा है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक शिकायत मिलने के बाद हौज खास थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि घटना 11 या 12 सितंबर की बताई गई है, जबकि शिकायत घटना के तीन-चार दिन बाद दी गई। आरोप है कि बाइक सवार लड़की का दो युवकों ने पीछा किया और बाद में जानबूझकर उसे टक्कर मारी गई। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
हादसे वाली जगह पर CCTV नहीं
पुलिस के सामने जांच में एक चुनौती यह भी है कि जिस जगह पर वारदात हुई, वहां CCTV कैमरा मौजूद नहीं है। ऐसे में जांचकर्ता आसपास के इलाकों में लगे कैमरों, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की मदद से घटना की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। घटना में घायल हुई लड़की का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना से पहले दोनों युवकों और लड़की के बीच कोई बातचीत या विवाद हुआ था या नहीं और पीछा करने की परिस्थितियां क्या थीं।
गुरुग्राम में भी हुई थी ऐसी ही घटना
यह मामला हाल में गुरुग्राम में सामने आई एक ऐसी ही घटना की याद दिलाता है, जिसमें 13 सितंबर 2026 को गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को एक कार ने पीछा करने के बाद टक्कर मार दी थी। घटना का वीडियो डैशकैम और हेलमेट कैमरे में रिकॉर्ड हुआ था। गुरुग्राम पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी कल्याण बैंसला और उसके चचेरे भाई लवनीश गुर्जर को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में पीछा करने और अन्य गंभीर आरोपों से संबंधित धाराएं भी जोड़ीं। फिलहाल आरोपी जेल में है और केस चल रहा है।

