सेंसेक्स 940 तो निफ्टी 298 अंक से ज्यादा ऊपर हुआ बंद
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : घरेलू शेयर बाजार में बुधवार के दिन हरे निशान पर कारोबार का समापन हुआ। दिन के सत्र के बाद सेंसेक्स 940.73 अंक बढ़कर 77,958.52 पर बंद हुआ। निफ्टी 298.15 अंक बढ़कर 24,330.95 पर पहुंच गया। डॉलर के मुकाबले रुपया 56 पैसे बढ़कर 94.62 (अस्थायी) पर बंद हुआ। वैश्विक मोर्चे पर अमेरिका की ओर से ईरान संकट पर नरम रुख जाहिर करने के बाद निवेशकों के बीच सकारात्मक माहौल दिखा।
एशियाई बाजारों में तेजी से मिली सपोर्ट
भारतीय बाजार को एशियाई बाजारों से भी मजबूत सपोर्ट मिला। एशियाई बाजार मुख्य रूप से हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। दक्षिण कोरिया के कोस्पी (ङडरढक) इंडेक्स में 6.64 प्रतिशत की असाधारण उछाल दर्ज की गई और यह 7,397.76 पर पहुंच गया। इसके अलावा शंघाई कंपोजिट में 1.27 प्रतिशत, हैंग सेंग में 0.64 प्रतिशत, जकार्ता कंपोजिट में 0.77 प्रतिशत और ताइवान वेटेड में 0.57 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। जापान का निक्केई 225 भी 0.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59,513.12 पर रहा।
शेयर बाजार में बुधवार को दर्ज की गई यह तेजी घरेलू निवेशकों के लिए बेहद उत्साहजनक है। कच्चे तेल की कीमतों में 8 से 9 प्रतिशत तक की तेज गिरावट ने बाजार को एक अहम ढांचागत समर्थन दिया है। इसके साथ ही एशियाई बाजारों में, खासकर कोस्पी में 6.64 प्रतिशत की भारी उछाल और सोने में निवेशकों का बढ़ता रुझान, यह संकेत देता है कि आने वाले दिनों में वैश्विक और घरेलू बाजार की दिशा सकारात्मक रह सकती है।
सोने और चांदी में भी तेजी
बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोने की कीमतों में 2,900 रुपये की भारी तेजी दर्ज की गई है। इस मजबूत उछाल के साथ 1,55,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गई है। मंगलवार को पिछले सत्र में यह 1,52,500 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, चांदी की कीमतों में भी लगातार तीसरे दिन शानदार तेजी जारी रही। चांदी 3,500 रुपये (1.4 प्रतिशत) चढ़कर 2,54,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 2,51,000 रुपये पर थी।

