Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम में एक मकान के बाहर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह मामला हरियाणवी सिंगर के एक कार्यक्रम से जुड़े इवेंट ऑर्गेनाइजर के घर पर हुई फायरिंग से संबंधित बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम में सौरभ नामक इवेंट ऑर्गेनाइजर के घर के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें उसके निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO) और हरियाणा पुलिस के जवान कुलबीर को गोली लग गई थी। यह फायरिंग 2 मई की रात को की गई थी।
पुलिस जांच के दौरान क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियों गुरशेर सिंह उर्फ शेरा (23) और जसपाल उर्फ बबल (28), दोनों निवासी नौने, तरनतारन (पंजाब) को हिरासत में लिया था। बाद में पुलिस इन्हें बरामदगी के लिए लेकर जा रही थी, इसी दौरान मुठभेड़ हो गई।
मुठभेड़ के दौरान क्रॉस फायरिंग में गुरशेर सिंह उर्फ शेरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जसपाल उर्फ बबल घायल हो गया। मृतक गुरशेर सिंह पंजाब के तरनतारन जिले का रहने वाला बताया गया है।
इस पूरे मामले को हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया से जुड़े इवेंट के दौरान हुई फायरिंग से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और अन्य संभावित कड़ियों को खंगाला जा रहा है।
google-site-verification: google37146f9c8221134d.html

