चीनी की कीमतों और महंगाई पर नियंत्रण के लिए उठाया कदम
Sugar Exports Ban (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में जारी तनाव और देश में महंगाई बढ़ने से रोकने के लिए केंद्र सरकार कई प्रभावी कदम उठा रही है। एक तरफ जहां बुधवार को एक अहम फैसला लेते हुए भारत सरकार ने सोने और चांदी के आयात शुल्क को छह फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया वहीं एक अन्य फैसले में चीनी के निर्यात पर भी तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी। चीनी निर्यात पर यह रोक 30 सितंबर या फिर अगले आदेश तक जारी रहेगी।
इस संबंधी जानकारी वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तहत आने वाले विदेश व्यापार महानिदेशालय की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी करके दी गई है। इसके अनुसार, यह प्रतिबंध कच्ची, सफेद और परिष्कृत चीनी पर लागू होता है। सरकार ने नीति में बदलाव करते हुए चीनी को निषिद्ध श्रेणी में रख दिया है। सरकार ने कहा कि यह प्रतिबंध मौजूदा टैरिफ-दर कोटा और व्यवस्थाओं के तहत यूरोपीय संघ और अमेरिका को चीनी निर्यात पर लागू नहीं होगा।
भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक भारत ने स्थानीय कीमतों को नियंत्रित करने के लिए चीनी निर्यात पर प्रतिबंध लगाया है। सरकार का यह कदम वैश्विक सफेद और कच्ची चीनी की कीमतों को सहारा दे सकता है। इससे ब्राजील और थाईलैंड जैसे प्रतिद्वंद्वी उत्पादकों को एशियाई और अफ्रीकी खरीदारों को अधिक शिपमेंट भेजने का अवसर मिलेगा। भारत, ब्राजील के बाद दुनिया का सबसे बड़ा चीनी निर्यातक है।
खपत से कम हो रहा उत्पादन
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने पहले मिलों को 1.59 मिलियन टन चीनी निर्यात की अनुमति दी थी। लेकिन अब उत्पादन लगातार दूसरे वर्ष खपत से कम रहने की उम्मीद है। प्रमुख गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में गन्ने की पैदावार कमजोर हुई है। अल नीनो मौसम की स्थिति इस वर्ष के मानसून को बाधित कर सकती है। इससे अगले सीजन का उत्पादन शुरूआती अनुमानों से कम रहने का जोखिम बढ़ गया है।
वर्तमान में यह है स्थिति
निर्यात के लिए स्वीकृत 1.59 मिलियन टन में से व्यापारियों ने लगभग 800,000 टन के अनुबंध किए थे। इसमें से 600,000 टन से अधिक चीनी पहले ही भेजी जा चुकी है। सरकार ने कच्ची और सफेद चीनी के निर्यात पर रोक लगाने की बात कही है। हालांकि, निर्यात पाइपलाइन में पहले से मौजूद शिपमेंट को कुछ शर्तों के तहत आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी।
ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोना 8550 रुपए महंगा, चांदी में 20500 रुपए तेजी

