दिल्ली में अब 3113.50 रुपए हुई इसकी कीमत
LPG Price Hike (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : एक जून को तेल विपणन कंपनियों ने महंगाई का झटका देते हुए कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 42 रुपए बढ़ा दी है। आज से नई कीमतें लागू हो गई हैं। नई कीमतें लागू होने के बाद नई दिल्ली में अब 19 किलो का सिलेंडर 3113.50 रुपए में मिलेगा। ज्ञात रहे कि यह कीमतें बढ़ने से आम उपभोक्ता पर तो कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा लेकिन होटल, ढाबों और विवाह शादियों में होने वाली कैटरिंग का खर्च जरूर बढ़ जाएगा। हालांकि राहत की बात यह रही की आम उपभोक्ता सिलेंडर को इन बढ़ी हुई कीमतों से दूर रखा गया है।
कोलकाता में अब 3255.50 रुपए हुई कीमत
नई कीमतों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलोग्राम का कमर्शियल गैस सिलेंडर 42 रुपये महंगा हो गया है। इसके बाद इसकी कीमत बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई है। वहीं, कोलकाता में इसकी कीमत में 53.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद यह 3,255.50 रुपये में मिलेगा। इसके अलावा पांच किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलेंडर की कीमत भी 11 रुपये बढ़ाई गई है।
दिल्ली में अब यह सिलेंडर 821.50 रुपये में उपलब्ध होगा। कमर्शियल गैस सिलेंडर का इस्तेमाल मुख्य रूप से होटल, रेस्तरां, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में किया जाता है। ऐसे में कीमत बढ़ने से इन कारोबारों की लागत पर असर पड़ सकता है।
घरेलू उपभोक्ताओं पर नहीं पड़ा असर
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि गैस की बढ़ी हुई लागत लंबे समय तक बनी रहती है, तो इसका असर खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है। हालांकि, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं होने से करोड़ों परिवारों को राहत मिली है। कंपनियों की ओर से जारी नई दरें 1 जून 2026 से प्रभावी हो गई हैं। गैस सिलेंडर की इन बढ़ी हुई कीमतों का असर आने वाले समय में महंगाई पर पड़ेगा। वहीं यह भी आंशका जताई जा रही है कि पश्चिम एशिया तनाव के चलते एलपीजी की किल्लत को पूरा करने के लिए कंपनियां जल्द ही घरेलू गैस की कीमत भी बढ़ा सकती हैं।

