जानकारों के अनुसार 10 से 12.5 के बीच हो सकती है नए टैरिफ की दरें
US New Tariff on India (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : एक तरफ जहां अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भारत-अमेरिका द्विपक्षीय समझौते को अंतिम रूप देने के लिए भारत के दौरे पर है। दोनों पक्षों में चार दिन तक चली लंबी वार्ता गुरुवार को समाप्त हुई। वहीं इस बीच अमेरिका ने भारत पर नए टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी है। जानकारी के अनुसार यह टैरिफ 10 से लेकर 12.5 प्रतिशत तक हो सकते हैं। नए टैरिफ पहले से लगे टैरिफ के अतिरिक्त होंगे। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि जांच में पता चला है कि लगभग 60 देशों से आयात होने वाले कुछ सामान कथित तौर पर जबरन श्रम के जरिए तैयार किए जाते हैं।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने 54 अर्थव्यवस्थाओं की एक सूची जारी की है, जिनमें भारत भी शामिल है। अमेरिका का आरोप है कि इन देशों ने जबरन श्रम से बने उत्पादों के आयात पर रोक लगाने और उसे प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए हैं। इस सूची में भारत के अलावा आॅस्ट्रेलिया, चीन, इस्राइल, जापान, कतर, रूस, सऊदी अरब, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, श्रीलंका, स्विट्जरलैंड, ताइवान, थाईलैंड, तुर्किये, संयुक्त अरब अमीरात और ब्रिटेन जैसे देश भी शामिल हैं।
भारत पर पड़ेगा नकारात्मक प्रभाव
यूएसटीआर के अनुसार, जिन देशों में जबरन श्रम से बने सामान के आयात पर किसी प्रकार की रोक पहले से मौजूद है या जिन्होंने व्यापार समझौतों के तहत ऐसे कदम उठाने की प्रतिबद्धता जताई है, उन पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाया जा सकता है। वहीं अन्य देशों पर 12.5 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव है। अमेरिका ने वस्त्र और परिधान क्षेत्र के लिए भी एक विशेष व्यवस्था का प्रस्ताव दिया है। इसके तहत कुछ देशों से आने वाले सीमित मात्रा के कपड़ा और परिधान उत्पादों को कम टैरिफ दर पर अमेरिकी बाजार में प्रवेश की अनुमति दी जा सकती है।
भारत से संबंधों पर ये बोले ट्रंप
एक तरफ जहां अमेरिका ने भारत पर नए टैरिफ लगा दिए हैं वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और अमेरिका के बीच चल रही द्विपक्षीय व्यापार वार्ता को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा है कि भारत और अमेरिका विश्व के दो प्रमुख व्यापार केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों से भारत और अमेरिका के बीच व्यापार होता रहा है और जल्द ही दोनों देश व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे।
ट्रंप ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरे बहुत अच्छे मित्र हैं और व्यापार वार्ता सही दिशा में आगे बढ़ रही है। व्हाइट हाउस के ओवल आॅफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि हम समझौते तक पहुंचेंगे, क्योंकि मुझे आपके प्रधानमंत्री बहुत पसंद हैं। वह मेरे अच्छे मित्र हैं। हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं और हम एक व्यापार समझौता करेंगे’।
ये भी पढ़ें : Business News Update : भारत-अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने व्यापार समझौते पर किया मंथन

