IMA Passing Out Parade 2026: भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), देहरादून की आगामी पासिंग आउट परेड के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। 13 जून 2026 को चेत्वोड बिल्डिंग ड्रिल स्क्वायर पर इस परेड में IMA के 94 साल के इतिहास में पहली बार 08 महिला ऑफिसर कैडेट्स पुरुष कैडेट्स के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अंतिम पग भरेंगी और भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त करेंगी।
बता दें, ये आठ महिला कैडेट्स अगस्त 2022 में नेशनल डिफेंस अकादमी (NDA) की पहली महिला बैच का हिस्सा थीं। उस बैच में 19 महिलाएं शामिल हुई थीं, जिनमें से 18 ने मई 2025 में ग्रेजुएशन पूरा किया। तो वहीं, इनमें से आठ ने भारतीय सेना में सेवा का विकल्प चुना और 15 जुलाई 2025 को IMA में अपनी प्री-कमीशन ट्रेनिंग शुरू की। ये ट्रेनिंग पूरी करने के बाद अब वे पुरुष कैडेट्स के साथ पासिंग आउट परेड में हिस्सा लेंगी।

NDA में महिलाओं की एंट्री
मालूम हो कि ये घटना IMA के लिए ऐतिहासिक पल बनने वाला है। क्योंकि अब तक महिला अधिकारी मुख्य रूप से चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA) से ही ट्रेनिंग लेकर कमीशन प्राप्त करती थीं। IMA 1932 से केवल पुरुष कैडेट्स का केंद्र रहा है। लेकिन 2022 में NDA में महिलाओं के प्रवेश के बाद IMA ने भी अपनी नीतियां बदलीं औऱ महिलाओं के लिए आवास, ट्रेनिंग सुविधाएं, खेल मैदान और मेडिकल यूनिट में जरूरी बदलाव किए गए। अब महिलाएं भी पुरुषों के समान एक साल की ट्रेनिंग पूरी कर रही हैं।

